Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सड़क से लेकर रेल तक... पीएम मोदी ने बंगाल को दी 18680 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

    Updated: Sat, 14 Mar 2026 03:51 PM (IST)

    पीएम मोदी ने बंगाल चुनाव घोषणा से पहले कोलकाता में 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। पीएम ने नई एक्सप्रेस ट्रेन को ह ...और पढ़ें

    पीएम ने पश्चिम बंगाल को दी 18,680 करोड़ रुपये की सौगात (फोटो-X/@BJP4India)

    पीएम ने पश्चिम बंगाल को दी 18,680 करोड़ रुपये की सौगात (फोटो-X/@BJP4India)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राजीव कुमार झा, जागरण, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राज्य के दौरे में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मेगा परिवर्तन रैली को संबोधित से पहले लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

    इसमें सड़क, रेलवे, बंदरगाह और जहाजरानी क्षेत्रों से संबंधित बुनियादी ढांचे व कनेक्टिविटी से जुड़ी विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

    पीएम मोदी ने परियोजनाओं का किया शुभारंभ

    ब्रिगेड मैदान में भाजपा की रैली मंच के ठीक बगल में बनाए गए सरकारी मंच से पीएम ने इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। पीएम का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब निर्वाचन आयोग अगले दो-तीन दिन में बंगाल सहित पांच राज्यों में चुनाव तारीखों की घोषणा कर सकता है।

    पीएम ने इनमें सड़क संपर्क को बढ़ावा देने के लिए एक बड़े कदम के तहत लगभग 16,990 करोड़ रुपये की लागत से कुल 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी।

    इन परियोजनाओं में बंगाल और झारखंड में एनएच-19 के खंड और बंगाल में एनएच-114 के खंड शामिल हैं, जिनका उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यात्रा का समय कम करना और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार करना है।

    कई नई राजमार्ग परियोजनाओं की रखी आधारशिला

    पीएम ने NH-116A के 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे के पांच खंड सहित कई नई राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

    यह परियोजना खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच आर्थिक गलियारे का हिस्सा है और बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुडा, हुगली, पूर्व बर्द्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से गुजरेगी।

    खड़गपुर-मोरग्राम के बीच सीधे संपर्क से यात्रा की दूरी लगभग 120 किलोमीटर कम हो जाएगी और लगभग 7 से 8 घंटे का समय बचेगा।

    पीएम मोदी ने लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दुबराजपुर बाईपास के निर्माण की आधारशिला भी रखी। पीएम ने इस दौरान कहा कि ये परियोजनाएं बंगाल व पूर्वी भारत को नई रफ्तार देगी। इससे उद्योग व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

    नई एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

    पीएम मोदी ने इस दौरान पुरुलिया से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन को भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।

    खबरें और भी

    पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य में पुनर्विकसित किए गए छह रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और बुनियादी ढांचा तैयार करना है। इन स्टेशनों में अनारा, तमलुक, हल्दिया, बराभूम, सिउड़ी और कामाख्यागुड़ी शामिल हैं।

    पीएम ने रेल परियोजनाओं में बेलदा से दांतन के बीच नवनिर्मित 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन तथा कलाईकुंडा और कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लाक सिग्नलिंग प्रणाली का भी लोकार्पण किया।

    पोत परिवहन संबंधी परियोजनाओं का लोकार्पण

    प्रधानमंत्री ने पत्तन और पोत परिवहन संबंधी कई परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्‍यास किया, जिनमें हल्दिया डाक कॉम्प्लेक्स के मशीनीकरण परियोजना और खिदिरपुर डाक के जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन शामिल है।

    उद्घाटन समारोह में बंगाल के नए राज्यपाल आर एन रवि, केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य समेत भाजपा के कई सांसदों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- कोलकाता में पीएम मोदी की रैली से BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प, पथराव में कई लोग घायल