हावड़ा में रवि किशन के रोड शो में बवाल, भिड़े भाजपा-टीएमसी समर्थक
हावड़ा में भाजपा सांसद रवि किशन के रोड शो के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिससे माहौल गरमा गया। ...और पढ़ें

हावड़ा में रवि किशन के रोड शो में बवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले प्रचार के आखिरी रविवार को हावड़ा में माहौल अचानक गरमा गया। अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन के रोड शो के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच जोरदार टकराव हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप कर लाठीचार्ज करना पड़ा।
भाजपा ने उत्तर हावड़ा में अपने उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में एक विशाल रोड शो का आयोजन किया था। इसी दौरान रवि किशन प्रचार के लिए पहुंचे थे। लेकिन रोड शो जैसे ही लिलुआ के बी रोड इलाके में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाने लगे।
जवाब में रोड शो में शामिल भाजपा समर्थकों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते नारेबाजी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि यह बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
हावड़ा में रवि किशन के रोड शो में झड़प
भाजपा का आरोप है कि उनके रोड शो को रोकने की कोशिश की गई, जबकि तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि भाजपा समर्थकों ने उनके पार्टी कार्यालय पर हमला किया और तोडफ़ोड़ की। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, हालात नियंत्रण से बाहर होने लगे।
खबरें और भी
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति काबू में आई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है।
दोनों दलों ने एक दूसरे पर लगाए आरोप
भाजपा उम्मीदवार उमेश राय ने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनके रोड शो के दौरान भाजपा के झंडे हटाकर अपनी पार्टी के झंडे लगा दिए। वहीं, हावड़ा उत्तर से तृणमूल उम्मीदवार गौतम चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ता इलाके में झंडे लगा रहे थे, जिन्हें भाजपा समर्थकों ने फाड़ दिया और उकसावे के लिए नारे लगाए।
गौतम चौधरी ने यह भी सवाल उठाया कि क्या भाजपा का यह रोड शो चुनावी आचार संहिता के तहत हो रहा था या नहीं। दोनों ही पार्टियों ने इस घटना को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।