विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल की धरती पर इस तरह के नारे बर्दाश्त नहीं', जादवपुर विश्वविद्यालय विवाद पर सीएम शुभेंदु का कड़ा संदेश

Published: Sat, 22 Aug 2026 10:28 PM (IST)

शुभेंदु अधिकारी ने जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद का माहौल स्थापित करने का संकल्प लिया है, जहां पिछले तीन दिनों से छात्र संघर्ष जारी है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

HighLights

  1. शुभेंदु अधिकारी ने जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद का संकल्प लिया।

  2. राखी पर 10 लाख कंठों से वंदे मातरम गायन होगा।

  3. 'कश्मीर मांगे आजादी' जैसे नारों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में पिछले तीन दिनों से जारी छात्र संघर्ष और विरोध-प्रदर्शन की घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कड़ा संदेश दिया।

अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उनकी जादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद का वातावरण स्थापित करके रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में रहने वालों को वंदे मातरम गाना होगा और देशभक्ति, राष्ट्रवाद तथा राष्ट्रहित से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

शुभेंदु ने विश्वविद्यालय परिसर में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बंगाल की धरती पर इस तरह के नारों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राखी के दिन जादवपुर में 10 लाख कंठों से होगा वंदे मातरम का गायन

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के संगठनात्मक जिले के निर्णय के अनुसार राखी के दिन जादवपुर में 10 लाख लोगों की आवाज में वंदे मातरम गाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रवादी विचार और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जाएगा।

शुभेंदु ने आरोप लगाया कि जादवपुर विश्वविद्यालय में वंदे मातरम गाने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर समस्याएं रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और सीसीटीवी लगाने का भी विरोध किया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार जादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवादी वातावरण स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

छात्र संगठनों के बीच टकराव के बाद बढ़ा विवाद

मालूम हो कि जादवपुर विश्वविद्यालय में दक्षिणपंथी और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच हिंसक संघर्ष के बाद परिसर का माहौल पिछले कुछ दिनों से तनावपूर्ण है। विरोध जुलूस और प्रदर्शन के दौरान वहां का माहौल गर्म है। विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार पर प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए प्रतीक चिह्न को नुकसान पहुंचने की घटना ने भी मामले को और तूल दे दिया है।