सुवेंदु ने खुलवाई ममता कार्यकाल की फाइलें, एक्शन के लिए CBI की एंट्री; अफसरों पर होगी बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती सरकार के दौरान लंबित पड़े भ्रष्ट अधिकारियों क ...और पढ़ें

HighLights
भ्रष्ट अधिकारियों पर सीबीआई कार्रवाई को मंजूरी मिली
शिक्षक, नगर पालिका, सहकारी घोटालों की होगी जांच
सुवेंदु सरकार ने भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' दिखाया
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की नई सरकार ने प्रशासनिक गलियारों में व्याप्त भ्रष्टाचार की जड़ों पर कड़ा प्रहार किया है। बुधवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के तीन प्रमुख विभागों के उन अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई को मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है, जिनकी फाइलें पिछले चार वर्षों से 'नवान्न' में धूल फांक रही थीं।
जीरो टालरेंस का जमीनी कार्यान्वयन
मुख्यमंत्री ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि पूर्ववर्ती सरकार ने भ्रष्टाचार में लिप्त नौकरशाहों को बचाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति नहीं दी थी।
अब शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती घोटाला, नगर पालिका भर्ती घोटाला और सहकारी विभाग में हुई अनियमितताओं की जांच कर रही एजेंसियों को सरकार ने आवश्यक अनुमति की प्रतियां भेज दी हैं।
भ्रष्ट अफसरों की खैर नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनता की भारी उम्मीदों के साथ सत्ता में आई है। हमने चुनाव में भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टालरेंस' का वादा किया था और अब उसे निभा रहे हैं।
सीबीआई अब इन अधिकारियों के खिलाफ नए सिरे से एफआइआर दर्ज कर सकेगी और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारियां भी की जाएंगी। यह कदम बंगाल की प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा फैसला माना जा रहा है।