'दीदी-भतीजे के हर पाप का हिसाब होकर रहेगा', दक्षिण 24 परगना पहुंचकर बोले सीएम सुवेंदु
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण 24 परगना में जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने ' ...और पढ़ें

तृणमूल के गढ़ में CM सुवेंदु की ललकार। (पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो,कोलकाता। हाल में बंगाल की कमान संभालने वाले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार को तृणमूल के गढ़ माने जाने दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र पहुंचकर 21 मई को वहां होने वाले पुनर्मतदान से पहले पहली जनसभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु ने आरजी कर कांड से लेकर लिप्स एंड बाउंड्स कंपनी के जरिए हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके सांसद भतीजे व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
सुवेंदु ने दो टूक लहजे में कहा कि वे इन दोनों ही मामलों को उनके अंतिम अंजाम तक पहुंचाकर दम लेंगे। दीदी-भतीजे (ममता व अभिषेक) के हर पाप का हिसाब होकर रहेगा। डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को उनके ही गढ़ में चुनौती देते हुए सुवेंदु ने भ्रष्टाचार के मोर्चे पर बड़ा खुलासा किया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्हें लिप्स एंड बाउंड्स नामक निजी कंपनी की संपत्तियों से संबंधित फाइल मिल गई हैं, जो कथित रूप से अभिषेक बनर्जी से जुड़ी हुई है। सुवेंदु ने कहा कि मैंने कोलकाता नगर निगम से फाइल मांगी थीं और मुझे दक्षिण 24 परगना के आमतला में स्थित लिप्स एंड बाउंड्स के एक आलीशान कार्यालय समेत कोलकाता व आसपास इस कंपनी की 24 बेनामी संपत्तियों का विवरण मिल गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेरे पास भतीजे की संपत्तियों की सूची है और जल्द ही मैं उनकी जांच शुरू कराउंगा। पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा। गौरतलब है कि ईडी पहले ही इस कंपनी के जरिए करोड़ों रुपये के कथित शिक्षक भर्ती घोटाले के पैसों की हेराफेरी का दावा कर चुकी है।
खबरें और भी
आरजी कर कांड में पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के काले कारनामे बेनकाब होंगे
वहीं, आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ हुए जघन्य कृत्य मामले में एक दिन पहले तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित करने का जिक्र करते हुए सुवेंदु ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती ममता सरकार ने मुख्य आरोपितों को बचाने और सबूतों को मिटाने की पुरजोर कोशिश की थी।
उन्होंने उल्लेख किया कि आरजी कर कांड में पूर्व मुख्यमंत्री ममता के इशारे पर जिन्होंने अत्याचार किया और पीड़िता की मां को रिश्वत देने की कोशिश की, उन तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि निलंबित किए गए कोलकाता के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता के काल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप चैट जब जांच एजेंसियों के सामने आएंगे, तो पूर्व सरकार के काले कारनामे पूरी तरह बेनकाब हो जाएंगे।
यह बंगाल की दूसरी आजादी, गुंडों की जगह अब जेल में
वहीं, हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद के माहौल का जिक्र करते हुए सुवेंदु ने दावा किया कि यह केवल नाम या रंग का बदलाव नहीं, बल्कि बंगाल को दूसरी आजादी मिली है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता पर अत्याचार करने वाले और केंद्रीय योजनाओं का पैसा डकारने वाले तृणमूल के गुंडे अब सलाखों के पीछे होंगे।