विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ट्रेन हादसे पर TMC ने मांगा रेल मंत्री का इस्तीफा, अधीर रंजन चौधरी ने भी केंद्र सरकार पर साधा निशाना

By Piyush KumarEdited By: Piyush Kumar
Published: Sat, 03 Jun 2023 08:33 PM (GMT+05:30)

अभिषेक बनर्जी ने कहा ट्रेन दुर्घटना में इतने लोगों की मौत हुई है इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? देखा गया कि ...और पढ़ें

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस नेता नेता अधीर रंजन चौधरी की फाइल फोटो।
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस नेता नेता अधीर रंजन चौधरी की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसे पर सियासत भी जारी है। बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने हादसे के लिए रेलवे व केंद्र को जिम्मेदार ठहराते हुए शनिवार को रेल मंत्री से अविलंब इस्तीफे की मांग की है।

अभिषेक ने रेल मंत्री से की इस्तीफे की मांग

उन्होंने ट्रेनों में टक्कर रोधी उपकरण (एंटी कोलिशन डिवाइस) नहीं होने का दावा करते हुए इसपर सवाल उठाए और केंद्र सरकार पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इसे लागू करने में उपेक्षा व लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। अभिषेक ने कहा कि अगर जरा भी नैतिकता बची है तो अंतरात्मा की आवाज सुन रेल मंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

अभिषेक ने कहा, "ट्रेन दुर्घटना में इतने लोगों की मौत हुई है, इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? देखा गया कि ट्रेन में एंटी कोलिशन डिवाइस नहीं था। नौ साल से मोदी सरकार सत्ता में है। क्या काम किया है? दो दशकों में ऐसी दुर्घटना नहीं देखी गई है।"

अभिषेक ने भाजपा पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कवच देने की बात कही थी, लेकिन इसकी जिम्मेदारी किसकी है? एक साथ तीन ट्रेनें दुर्घटनाग्रस्त हुई है। इस जवाबदेही से प्रधानमंत्री भी नहीं बच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ अच्छा होने पर आप श्रेय लेते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कोई भी केंद्रीय नेता व मंत्री ट्रेन से यात्रा नहीं करते हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी प्राइवेट जेट से या सरकारी विमान से आते हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र को आम लोगों की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।

अधीर ने भी हादसे पर उठाए सवाल

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी इस ट्रेन हादसे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा- तीन ट्रेनें टकरा गई, कहां है मोदी सरकार का सुरक्षा कवच।

पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने भी जताई साजिश की आशंका

इस बीच पूर्व रेल मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश त्रिवेदी ने भी ट्रेन हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने कहा-यह हादसा बहुत दुखद है। जिस तरह से हादसा हुआ है इसमें साजिश भी हो सकती है। इसकी सघन जांच होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।

वहीं, सुरक्षा कवच के सवाल पर उन्होंने कहा कि रातों रात सभी ट्रेनों में कोई भी तकनीक लगाना संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उल्लेखनीय है कि बालासोर में शुक्रवार शाम बेंगलुरु-हावड़ा एक्प्रेस, शालीमार- चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी आपस में टकराकर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गईं। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 261 हो गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।