चुनाव बाद हिंसा पर तृणमूल कांग्रेस पहुंची हाई कोर्ट, तत्काल सुनवाई की मांग
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद हुई हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने कलकत्ता हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। याचिका में तत्काल न्यायिक हस्तक ...और पढ़ें
-workers-murde-1778598783608_m.webp)
कलकत्ता हाई कोर्ट
HighLights
तृणमूल कांग्रेस ने कलकत्ता हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की।
चुनाव परिणामों के बाद राज्य में हुई हिंसा का मामला।
कोर्ट ने गुरुवार को मामले की सुनवाई तय की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में हिंसा का मामला अब कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंच गया है। तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को कोर्ट में जनहित याचिका (पीआइएल) दायर कर इस मामले में तत्काल न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है।
तृणमूल सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी के पुत्र शीर्षान्या बनर्जी ने मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल की खंडपीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख करते हुए जल्द सुनवाई का अनुरोध किया।
याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से पूरे राज्य में तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
याचिका में दावा किया गया है कि अब तक 2,000 से अधिक तृणमूल समर्थक घायल हुए हैं और लगभग 365 पार्टी कार्यालयों को उपद्रवियों ने तहस-नहस कर दिया है।
याचिका में मांग की गई है कि किसी निष्पक्ष एजेंसी से इन हमलों की जांच कराई जाए और राज्य में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। खंडपीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सुनवाई आगामी गुरुवार को तय की है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों, जैसे मुर्शिदाबाद और पश्चिम मेदिनीपुर में लेनिन की प्रतिमाओं को खंडित करने और कोलकाता के ऐतिहासिक 'हाग मार्केट' में टीएमसी कार्यालय पर बुलडोजर चलाने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं।
वकील रितंकर दास ने भी इसी तरह की हिंसा को लेकर एक अन्य याचिका दायर की है, जिस पर कोर्ट की पैनी नजर है।