विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'टीएमसी ने बंगाल के युवाओं का भविष्य बेच दिया', पेपर लीक और भर्ती माफिया को लेकर ममता सरकार पर बरसे पीएम मोदी

Published: Sun, 12 May 2024 05:37 PM (IST)

पीएम ने टीएमसी और कांग्रेस को नसीहत दी की कम से कम अपने पूर्वजों के त्याग तपस्या व बलिदान का ...और पढ़ें

हुगली के सिंगुर में अपनी दूसरी रैली में भी टीएमसी पर बरसे मोदी।
हुगली के सिंगुर में अपनी दूसरी रैली में भी टीएमसी पर बरसे मोदी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बंगाल के हुगली जिले के सिंगुर में अपनी दूसरी जनसभा में भी ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी सरकार पर जोरदार हमला बोला। शिक्षकों से लेकर विभिन्न सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर घेरते हुए पीएम ने कहा कि टीएमसी ने बंगाल के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। टीएमसी ने बंगाल के युवाओं का भविष्य बेच दिया।

पीएम ने कहा कि टीएमसी ने बंगाल के मां-बाप के सपने बेचे हैं। टीएमसी के पेपर लीक और भर्ती माफिया ने सबको तबाह कर दिया है। इनके बड़े-बड़े नेता व मंत्री जेल में हैं...। इनके नेताओं के यहां नोटों के पहाड़ निकले हैं। मोदी ने कहा कि विकास के लिए भाजपा के प्रयासों के बीच टीएमसी अपने काम में व्यस्त है और उसका काम क्या है? टीएमसी का एक ही काम है- गड़बड़ी और ज़मीन दखल।

मोदी कहता है 'हर घर जल', और टीएमसी कहती है 'हर घर बम'। माताओं, बहनों, बेटियों का यहां जीवन मुश्किल है। मोदी ने कहा कि संदेशखाली में ये क्या कर रहे हैं यह पूरा देश देख रहा है। टीएमसी संदेशखाली में हर हथकंडा इस्तेमाल कर रही है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि टीएमसी का कोई भी अत्याचारी बच नहीं पाएगा।

राम मंदिर बनने से विपक्षी की नींद उड़ी हुई है

पीएम ने राम मंदिर के मुद्दे पर भी टीएमसी सहित विपक्षी आइएनडीआइए गठबंधन में शामिल दलों पर करारा प्रहार किया। मोदी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर जबसे बना है तब से इनकी नींद उड़ गई है। इन लोगों ने राम मंदिर का भी बहिष्कार किया हुआ है। विपक्ष के लोग इस पर रोजाना अनाप-शनाप बोल रहे हैं। पीएम ने कहा कि जी राम मंदिर के लिए हम सबके पूर्वजों ने 500 साल तक संघर्ष किया आज उनकी आत्मा आपके कारनामे देख रही है।

पीएम ने टीएमसी और कांग्रेस को नसीहत दी की कम से कम अपने पूर्वजों के त्याग, तपस्या व बलिदान का अपमान ना करें। पीएम ने कहा कि अपने ही देश के विरासत और भगवान राम का बहिष्कार यह बंगाल की संस्कृति नहीं है। मेरा बंगाल ऐसा नहीं है। मां, माटी, मानुष की बात करने वाली टीएमसी पार्टी आज वोट बैंक के लिए बंगाल का भी अपमान कर रही है और अपनी विरासत का भी अपमान कर रही है।

पीएम ने आगे कहा कि देश में तीन चरण के चुनाव पूरे हो चुके हैं, कल चौथे चरण का चुनाव होने वाला है। तीन चरणों के चुनाव के बाद मैं विश्वास से कह सकता हूं कि भाजपा और एनडीए 400 पार करके ही रहेगी। अब 400 पार नारा नहीं है, यह देश के लोगों का संकल्प बन गया है। बता दें कि पीएम की आज बंगाल में चार जगहों पर जनसभा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।