यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोलकाता में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी, अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला अर्धनग्न शव
कोलकाता में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सेमिनार हॉल से शुक्रवार सुबह एक जूनियर मह ...और पढ़ें

HighLights
- जूनियर डाक्टरों ने काम बंद कर शुरू किया विरोध-प्रदर्शन, चिकित्सा सेवाओं पर व्यापक असर
- न्यायिक जांच की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोका गया
- मुख्यमंत्री ने मृतका के माता-पिता से की फोन पर बातचीत, दिया न्याय का भरोसा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर स्थित सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (RG Kar Medical College and Hospital) के सेमिनार हॉल से शुक्रवार सुबह एक जूनियर महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतका पोस्ट ग्रेजुएट की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और अस्पताल के चेस्ट मेडिसीन डिपार्टमेंट में कार्यरत थी। उसका घर उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर इलाके में है।
दुष्कर्म के बाद हत्या का अनुमान
प्राथमिक तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या का अनुमान है। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के लिए 11 सदस्यीय कमेटी गठित की है। घटना के सामने आते ही अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद करके विरोध-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया, जिससे अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हुई।
जूनियर डॉक्टरों ने की न्यायिक जांच की मांग
खबर मिलते ही राज्य के स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम व कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल स्वयं अस्पताल में पहुंचे। फारेंसिक टीम भी पहुंची। प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टरों ने घटना की न्यायिक जांच की मांग पर शव को पोस्टमार्टम कराने ले जाने से रोका। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने में सफल रही।
इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतका के माता-पिता को फोन करके उन्हें मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच करवाकर दोषियों को सख्त सजा दिलवाने का भरोसा दिया है।
#WATCH | West Bengal: Body of the second-year medical student, who was found dead here, being brought out of RG Kar Medical College and Hospital in Kolkata. Her body is now being taken to her residence. pic.twitter.com/SYa2JGf8a5
— ANI (@ANI) August 9, 2024
रात तीन से प्रात: छह बजे के बीच हुई घटना
शुक्रवार शाम को अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, मृतका की मौत रात तीन बजे से प्रात: छह बजे के बीच हुई है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि मृतका गुरुवार को अस्पताल के आपातकालीन विभाग की इमारत में नाइट ड्यूटी पर थी। रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद उसने डिनर किया और उसके बाद थोड़ा आराम करने के लिए चौथे तल्ले पर स्थित सेमिनार हॉल में गई थी। वहीं से सुबह नीले रंग की चादर से ढंका उसका शव बरामद हुआ।
खबरें और भी
अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही पुलिस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गले के बाईं ओर की एक हड्डी टूटी होने और शरीर में कई जगह चोट के निशान पाए जाने की बात कही गई है, जो हत्या की ओर इशारा कर रहा है। सेमिनार हाल में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस गुरुवार को नाइट ड्यूटी करने वाले अस्पताल के सभी कर्मचारियों से पूछताछ करने में जुट गई है।
अस्पताल पहुंची राज्य महिला आयोग की टीम
राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन लीला गंगोपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम शुक्रवार शाम आरजी कर अस्पताल पहुंची और अस्पताल के पदाधिकारियों से घटना की जानकारी ली। आयोग ने अस्पताल प्रबंधन से घटना पर 14 दिनों में रिपोर्ट मांगी है।
अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए भाजपा नेता
भाजपा के नेता-कार्यकर्ता घटना के खिलाफ अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मृतका के माता-पिता को लेकर अदालत में मुकदमा करने की बात कही है। भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने घटना को लेकर ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संदेशखाली से लेकर चोपड़ा तक बंगाल में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।