17 जनवरी को स्लीपर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाएंगे मोदी, बच्चों के साथ न्यू फरक्का तक करेंगे यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को मालदा पहुंचेंगे और हावड़ा-कामाख्या के बीच चलने वाली देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। ...और पढ़ें

यह ट्रेन पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 17 जनवरी को मालदा पहुंचेंगे।
स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
बच्चों संग न्यू फरक्का तक ट्रेन में यात्रा करेंगे।
जागरण संवाददाता, मालदा। बंगाल के मालदा में इन दिनों जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। आगामी 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मालदा पहुंचेंगे। इस दौरान वे हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए मालदा टाउन स्टेशन के आसपास तैयारियां जोरों पर हैं। ओल्ड मालदा बाइपास क्षेत्र में जनसभा मंच का निर्माण तेजी से हो रहा है। यहां लोहे और काठ से संरचना तैयार की जा रही है। मालदा टाउन स्टेशन के निकट रेलवे के लक्ष्मण सेन स्टेडियम में अस्थायी हेलिपैड बनाया जा रहा है।
2 बजे पहुंचेंगे पीएम मोदी
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2 बजे हेलीकाप्टर से यहां पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से मालदा टाउन स्टेशन जाएंगे। उससे पहले यहां बड़े रेल अधिकारियों का लगातार दौरा हो रहा है। कई आला अधिकारी यहां पहुंच चुके हैं।
पूर्व रेलवे मालदा डिवीजन के जीएम मनीष कुमार गुप्ता ने पुष्टि की है कि 17 जनवरी को प्रधानमंत्री मालदा आएंगे और स्लीपर वंदे भारत का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री न केवल हरी झंडी दिखाएंगे, बल्कि मालदा टाउन से न्यू फरक्का तक इस ट्रेन में यात्रा भी करेंगे। इस दौरान उनके साथ 30 स्कूली बच्चे भी ट्रेन में सफर करेंगे। ये बच्चे विशेष रूप से चयनित होंगे।