TMC नेता पर डकैती की साजिश का आरोप, मालदा में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत साहा गिरफ्तार
मालदा जिले के गाजोल में पूर्व युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत साहा को डकैती की साजिश में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

डकैती की साजिश में घिरे पूर्व TMC नेता सुरजीत साहा गिरफ्तार
HighLights
पूर्व युवा टीएमसी अध्यक्ष सुरजीत साहा डकैती साजिश में गिरफ्तार
गाजोल पुलिस ने दो बदमाशों से पूछताछ के बाद उन्हें पकड़ा
भाजपा ने अन्य टीएमसी नेताओं पर भी कार्रवाई की मांग की
डिजिटल डेस्क, मालदा। मालदा जिले के गाजोल ब्लाक के पूर्व युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत साहा को गाजोल थाना पुलिस ने डकैती की साजिश में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गत 15 तारीख की रात गश्त के दौरान पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक अत्याधुनिक वन-शाटर, एक जिंदा कारतूस, लोहे का सब्बल तथा अन्य सामान बरामद किया गया था। इस मामले में कई अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पूर्व तृणमूल नेता सुरजीत साहा का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, सुरजीत साहा ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है।
इस मामले पर गाजोल के भाजपा विधायक चिन्मय देव बर्मन ने कहा कि सुरजीत साहा के खिलाफ पहले से भी कई आरोप रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल के कई अन्य नेताओं पर भी गंभीर आरोप हैं और उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने कहा कि यदि किसी के खिलाफ इस प्रकार के आरोप साबित होते हैं, तो पार्टी किसी भी परिस्थिति में उसका समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।