Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    TMC की हुंकार: 'बंगाल में 50 सीटों के अंदर सिमट जाएगी भाजपा, पुरुलिया में भी होगा सूपड़ा साफ'

    Updated: Wed, 21 Jan 2026 10:38 PM (IST)

    अभिषेक बनर्जी ने पुरुलिया में भाजपा पर हमला बोला, दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 50 सीटों से कम पर सिमट जाएगी और पुरुलिया में सभी सीटें ह ...और पढ़ें

    लधुड़का का चंडेश्वर मैदान में आयोजित टीएमसी की जनसभा में उमड़ी लोगों की भीड़।

    लधुड़का का चंडेश्वर मैदान में आयोजित टीएमसी की जनसभा में उमड़ी लोगों की भीड़।

    HighLights

    1. भाजपा बंगाल में 50 सीटों से कम पर सिमटेगी

    2. चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर अभिषेक बनर्जी ने उठाए सवाल

    3. पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को विकास पर चुनौती

    जागरण संसू, पुरुलिया। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को पुरुलिया के हुड़ा थाना क्षेत्र स्थित लधुड़का के चंडेश्वर मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। 
     
    उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा राज्य में 50 सीटों के भीतर सिमट जाएगी और पुरुलिया जिले की सभी सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ेगा। 
     

    चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट का जिक्र 

    अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग अपनी मर्जी से लोगों को परेशान करने के लिए बंगाल में SIR के नाम पर भेदभाव कर रहा था। उन्होंने कहा क‍ि लॉजिकल डिस्क्रिमिनेशन के नाम पर बंगाल की जनता को प्रताड़ित किया जा रहा था। 
     
    इसके खिलाफ हमें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। कोर्ट ने हमारी मांगों को वैध ठहराते हुए आयोग को झटका दिया है। अब आयोग को लिस्ट सार्वजनिक करनी होगी।  
     
    उन्‍होंने कहा क‍ि उच्च माध्यमिक के एडमिट कार्ड को मान्यता देनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बंगाल में चुनाव आयोग की मनमानी नहीं चलेगी।
     

    भाजपा और माकपा के 'गठबंधन' पर तंज 

    सांसद ने भाजपा, माकपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा छोड़कर आए नेताओं को भाजपा ने अपनी पुरुलिया जिला कमेटी में महत्वपूर्ण पद दिए हैं, जिससे दोनों दलों की मिलीभगत साफ उजागर होती है। 
     
    उन्होंने बाहरी राज्यों में बंगालियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया और कहा कि भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला बोलने वालों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसका जवाब जनता चुनाव में देगी।
     

    सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को चुनौती 

    पुरुलिया के भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से पुरुलिया-हावड़ा एक्सप्रेस की समस्या तक हल नहीं कर पाए हैं। उन्होंने सांसद को विकास के मुद्दे पर खुलेआम डिबेट (बहस) करने की चुनौती दी। 
     
    साथ ही केंद्र सरकार पर जल जीवन मिशन और आवास योजना का पैसा रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार अब अपने दम पर गरीबों के मकान बना रही है। इस जनसभा में पुरुलिया जिला तृणमूल अध्यक्ष राजीव लोचन सोरेन, चेयरमैन शांतिराम महतो और राज्य मंत्री संध्या रानी टुडू सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित थे।