पुरुलिया में किशोरी से हैवानियत; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी सात आरोपियों को दबोचा
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को 24 घं ...और पढ़ें

पुरुलिया में रेलवे लाइन के पास इसी जगह पर किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई।
HighLights
पुरुलिया में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से मिली मदद।
जागरण संवाददाता, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले मेंं 17 वर्षीया किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है।
वारदात के बाद इलाके में काफी तनाव और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरुलिया सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गई थी।
लापता होने के बाद खेत में मिली किशोरी
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद शुक्रवार रात लगभग 12:00 बजे परिजनों ने सदर थाने में किशोरी की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन रात में सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह पुरुलिया स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे लाइन के पास एक खेत में किशोरी बेहोशी की हालत में पाई गई।
पुलिस ने उसे तुरंत रेस्क्यू कर पुरुलिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के बाद जब किशोरी को होश आया, तो उसने पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।
होश आने पर किशोरी ने सुनाई आपबीती
किशोरी ने बताया कि शुक्रवार शाम कुछ युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया था और एक सुनसान जगह पर छिपाकर रखा था। रात होते ही आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।
दरिंदगी की इस घटना के बाद किशोरी बेहोश हो गई, जिसे मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरुलिया के एसपी वैभव तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
सीसीटीवी और विशेष जांच से पकड़े गए आरोपी
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से सुराग मिले। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल सभी सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल बाउड़ी, प्रबीर बाउड़ी, अरुप बाउड़ी, सौरभ बाउड़ी, जगन्नाथ चौधरी, आदित्य बाउड़ी और सुमन बाउड़ी शामिल हैं।ये सभी आरोपी पुरुलिया नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर 'कॉर्डन' (घेराबंदी) कर दिया है। मौके से शराब की खाली बोतलें और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक, सौरभ बाउड़ी, की तबीयत बिगड़ने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 6 आरोपियों को पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट ने सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। मामले की गहराई से जांच जारी है ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।