यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Yoga Day: चीन से लेकर अमेरिका तक, विश्वभर में मनाया गया योग दिवस, संयुक्त राष्ट्र ने कहा - लोगों को एकजुट करता है योग
International Yoga Day 2024 21 जून को विश्वभर में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत समेत कई देशों में योग से जुड़े कार्यक ...और पढ़ें

एजेंसी, संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि योग की जड़ें भारत में हैं। हालांकि, अब इसे विश्व स्तर पर अपनाया गया है। यह लोगों को संतुलन, जागरूकता और शांति के मूल्यों के साथ एकजुट करता है।
10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गुटेरेस ने कहा कि इस वर्ष का थीम 'स्वयं और समाज के लिए योग' लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में योग के महत्व को बताता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस ने कहा कि योग संयुक्त राष्ट्र के लिए एक शक्तिशाली रूपक है।
एकजुट करता है योग
उन्होंने कहा, 'जिस तरह योग एक संतुलित समग्रता बनाने के लिए मानव अनुभव के विभिन्न पहलुओं को साथ लाता है, उसी तरह संयुक्त राष्ट्र विभिन्न देशों और संस्कृतियों को आम लक्ष्यों की दिशा में काम करने के लिए एकजुट करता है। इस एकता में अलग-अलग हिस्से मिलकर एक एकीकृत योग बनाते हैं, जो इसके हिस्सों से भी बड़ा होता है, जो शांति और सद्भाव का प्रतीक है।'
कार्यक्रम में शामिल उप महासचिव अमीना मोहम्मद ने कहा कि योग की एकजुट करने की शक्ति संयुक्त राष्ट्र के समारोह में दिखाई दे रही है। योग एकता के बारे में है, मन, शरीर और आत्मा की एकता। यह आपके बारे में है, यह मेरे बारे में है और यह हमारे बारे में है। आज संयुक्त राष्ट्र में हम देखते हैं कि यह विभिन्न संस्कृतियों और देशों के लोगों को कैसे एकजुट करता है।
खबरें और भी
चीन में हजारों लोगों ने किया योग
चीन में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भाग लिया। एक अधिकारी की ओर से कहा गया कि हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। खासकर युवाओं में इसका क्रेज बढ़ रहा है। बीजिंग में भारतीय दूतावास की ओर से आयोजित दो घंटे के योग कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।