विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमेरिका में तूफान ने मचाई तबाही, तेज हवाओं से पलटे ट्रक और जंगलों में फैली आग; 39 की मौत और सैकड़ों जख्मी

Published: Sun, 16 Mar 2025 05:48 AM (IST)Updated: Mon, 17 Mar 2025 11:25 PM (IST)

अमेरिका के कई हिस्सों में भयंकर बवंडर आया जिससे कई राज्यों में स्कूल नष्ट हो गए और सेमीट्रेक्टर-ट्रेलर पलट गए। ...और पढ़ें

अमेरिका में भयानक तूफान के कारण 39 लोगों की जान चली गई है (फोटो- रॉयटर)
अमेरिका में भयानक तूफान के कारण 39 लोगों की जान चली गई है (फोटो- रॉयटर)

 एपी, ओक्लाहोमा सिटी (अमेरिका)। अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में आए भीषण तूफानों ने भारी तबाही मचाई है। इसमें कम से कम 39 लोगों की जान चली गई जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। तूफानों की चपेट में आने से कई घर ध्वस्त हो गए। हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख हो गए। प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख

स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। हवाएं इतनी तेज थीं कि ट्रक तक पलट गए। कई मकान तहस-नहस और हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख हो गया है।

शनिवार सुबह तक सबसे अधिक मौतें मिसौरी में हुईं

नेशनल वेदर सर्विस के मौसम विज्ञानी डेविड रोथ ने बताया कि शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक ही 26 तूफानों की सूचना मिली। इस बीच, शनिवार को यह तूफान मिसिसिपी घाटी और डीप साउथ की ओर बढ़ गए।अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह तक सबसे अधिक मौतें मिसौरी में हुईं, जहां रातभर चले तूफान में कम से कम 11 लोगों की जान ले ली।

मृतकों में एक व्यक्ति की घर के नीचे दबने से मौत

मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल ने बताया कि कई लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में एक व्यक्ति की घर के नीचे दबने से मौत हो गई। उसका घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। बटलर काउंटी के कोरोनर जिम एकर्स ने बताया- ''वह घर पहचान में नहीं आ रहा था। बस मलबे का ढेर था। फर्श उल्टा हो गया था। हम दीवारों पर चल रहे थे।''

उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने घर में एक महिला को बचा लिया। उधर, अर्कांसस के अधिकारियों ने शनिवार सुबह बताया कि तूफान के चलते इंडिपेंडेंस काउंटी में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ काउंटियों में 29 अन्य लोग घायल हो गए।

कार दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

अर्कांसस की गवर्नर सारा हकाबी सैंडर्स ने और जार्जिया के गवर्नर ब्रायन केम्प ने अपने-अपने राज्यों में आपातकाल की स्थिति घोषित की है। शुक्रवार को अधिकारियों ने बताया कि टेक्सास पैनहैंडल के अमरिलो में धूल भरी तेज आंधी के चलते हुए कार दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।

राज्यभर में 130 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज

ओक्लाहोमा में कुछ समुदायों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है क्योंकि राज्यभर में 130 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज की गईं। ओक्लाहोमा के गवर्नर केविन स्टिट ने कहा कि उनके राज्य में ही अब तक लगभग 266 वर्ग मील (689 वर्ग किलोमीटर) जंगल जल चुके हैं।

टेक्सास में तेज हवाएं चलने की संभावना

स्टार्म प्रेडिक्शन सेंटर ने कहा कि कनाडाई सीमा से टेक्सास तक 80 मील प्रति घंटे (130 किलोमीटर प्रति घंटे) तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है। तेज गति से चलने वाले तूफान की वजह से मोटे-मोटे ओले पड़ सकते हैं। सेंटर ने दक्षिणी मैदानों में जंगल की आग तेजी से फैलने और उत्तरी मैदानों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।