रिपब्लिकन की हार के बाद पीट हेगसेथ बन सकते हैं बलि का बकरा, सर्जियो गोर ले सकते हैं रूबियो की जगह
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ट्रंप प्रशासन में बड़े बदलाव की चर्चा है। रक्षा ...और पढ़ें

हेगसेथ और रुबियो की कुर्सी खतरे में।
HighLights
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद बदलाव।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बलि का बकरा बनाया जा सकता है।
विदेश मंत्री मार्को रूबियो की जगह सर्जियो गोर ले सकते हैं।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप प्रशासन में प्रमुख पदों पर बदलाव की चर्चाएं चल निकली हैं। ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से ईरान युद्ध को चुनावी हार की एक वजह बताए जाने के बाद माना जा रहा है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बलि का बकरा बनाया जा सकता है।
विदेश मंत्री मार्को रूबियो को भी हटाए जाने की चर्चा है। उनके स्थान पर ट्रंप के करीबी और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को नया विदेश मंत्री बनाया जा सकता है। इन दो प्रमुख मंत्रियों के अलावा भी कई अन्य फेरबदल की अटकलें हैं।
ईरान युद्ध बना आंतरिक चर्चा का मुद्दा
सीबीएस न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, मध्यावधि चुनाव परिणाम आने के साथ ही प्रशासन के शीर्ष स्तर पर आंतरिक चर्चाओं में ईरान युद्ध का मुद्दा अहम बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को पद पर बनाए रखने पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने करीबी सलाहकारों के साथ फोन पर बातचीत और विचार-विमर्श के दौरान यह मुद्दा उठाया है, हालांकि संभावित बदलाव पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
फ्लोरिडा के गवर्नर रान डीसैंटिस उनके संभावित उत्तराधिकारी रूप में उभरे हैं। जानकारों का कहना है कि पांच जनवरी को गवर्नर के रूप में कार्यकाल पूरा करने के बाद डीसैंटिस रक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
हेगसेथ महाभियोग की हो रही थी मांग
रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार से पहले विपक्षी सांसद हेगसेथ के विरुद्ध महाभियोग चलाने की मांग कर रहे थे। दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स को मजबूत बहुमत मिलने का अनुमान है। ऐसे में विधायी दबाव और संभावित महाभियोग की कार्यवाही तेज हो सकती है।
सूत्रों का कहना है कि अमेरिका की सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर और चेयरमैन आफ ज्वाइंट चीफ्स आफ स्टाफ जनरल डैन केन को भी ईरान युद्ध पर उनकी सलाहकार भूमिकाओं के कारण विधायी और सार्वजनिक निगरानी का सामना करना पड़ सकता है।
एएनआई के अनुसार, प्रशासन में संभावित बदलावों में मार्को रूबियो के स्थान पर सर्जियो गोर को विदेश मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, अगर गोर को विदेश मंत्री नहीं बनाया गया तो वह व्हाइट हाउस के चीफ आफ स्टाफ का पद संभाल सकते हैं या उप विदेश मंत्री क्रिस लैंडाउ का स्थान ले सकते हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि गोर ऐसी भूमिका चाहते हैं जिसमें उन्हें सार्वजनिक रूप से अधिक से अधिक सामने आने का मौका मिले।
हालांकि गोर और प्रशासन के प्रतिनिधियों ने इन खबरों का पुरजोर खंडन किया। गोर ने कहा, 'विदेश मंत्री रूबियो ने साबित किया है कि वह इतिहास के सबसे योग्य, उपलब्धियों से भरपूर और महान विदेश मंत्री हैं। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। वह मेरे प्रिय मित्र हैं और भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में हर दिन उनके साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात है। यह जीवन का सच्चा सम्मान है। मुझे किसी अन्य भूमिका में बिल्कुल रुचि नहीं है।'
उधर, सरकार में बदलाव की अटकलों के बावजूद ट्रंप ने पत्रकारों के सवाल पर अपने कैबिनेट सहयोगियों को हटाने की संभावना से इन्कार किया। राष्ट्रपति ने कहा, 'मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।' जब उनसे आगे पूछा गया कि क्या हेगसेथ टेनेसी में सीनेट की खाली सीट भरने के लिए संघीय विधायिका में जा सकते हैं, तो ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि अगर वह ऐसा करते हैं, तो वह बहुत लोकप्रिय होंगे।'
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं सुनी है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने भी एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति को हेगसेथ पर पूरा भरोसा है। उन्होंने ईरान और वेनेजुएला में सरकार के सैन्य अभियानों का बचाव किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।