विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर यूजर ट्रैफिक में 30 प्रतिशत की भारी गिरावट, मिडटर्म चुनाव से पहले चिंता

Published: Sat, 17 Oct 2026 02:00 AM (IST)

ट्रंप के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यूजर ट्रैफिक में तेज गिरावट दर्ज की गई है। डिजिटल ...और पढ़ें

ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर यूजर ट्रैफिक में 30 प्रतिशत की भारी गिरावट (फोटो- रॉयटर)

ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर यूजर ट्रैफिक में 30 प्रतिशत की भारी गिरावट (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं

  2. ट्रंप परिवार कंपनी का करीब आधा हिस्सा रखता है

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यूजर ट्रैफिक में तेज गिरावट दर्ज की गई है। डिजिटल इंटेलिजेंस रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में प्लेटफॉर्म पर रोजाना का ट्रैफिक 30 प्रतिशत से ज्यादा घट गया है। यह गिरावट 2026 के अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के नजदीक आने के बावजूद हुई है।

सिमिलरवेब की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने प्लेटफॉर्म पर रोजाना औसतन करीब 2.60 लाख यूजर्स आए। जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा अपने चरम पर 4.20 लाख रोजाना यूजर्स पर था।

ट्रंप, जिनके ट्रुथ सोशल पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं, प्लेटफॉर्म को अपना मुख्य मंच बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। वे कभी-कभी एक दिन में दर्जनों पोस्ट करते हैं। हाल ही में उन्होंने कुछ घंटों में ही 25 पोस्ट्स की बाढ़ लगा दी थी।

वे प्लेटफॉर्म पर नई नीतियों, ईरान युद्ध से जुड़े सैन्य कदमों और एआई से बने वीडियो की घोषणाएं करते रहते हैं। पिछले एक हफ्ते में उन्होंने सेमीकंडक्टर निवेश को बढ़ावा देने, खुद की सकारात्मक मीडिया कवरेज और ब्रिटेन में एक शेर के हमले से जुड़े क्लिप जैसी पोस्ट्स भी कीं।

हालांकि, ट्रंप की लगातार पोस्टिंग के बावजूद प्लेटफॉर्म पर स्थायी दर्शक बनाए रखने या बढ़ाने में सफलता नहीं मिल पाई है।

ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप कॉर्प (टीएमटीजी) के प्रवक्ता ने वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए आलोचनात्मक आंकड़ों को खारिज किया और अखबार पर ट्रुथ सोशल तथा उसके मालिक ट्रंप के खिलाफ व्यवस्थागत मीडिया पूर्वाग्रह का आरोप लगाया।

कंपनी को इस साल की पहली तिमाही में सिर्फ 8.71 लाख डॉलर की नेट सेल्स पर 40.5 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नेट लॉस हुआ। नुकसान का कारण डिजिटल एसेट्स, प्लेज्ड डिजिटल एसेट्स और इक्विटी सिक्योरिटीज पर अनरियलाइज्ड लॉस, ब्याज और स्टॉक-बेस्ड कॉम्पेंसेशन बताया गया।

ट्रंप परिवार कंपनी का करीब आधा हिस्सा रखता है। 2025 में कंपनी का वार्षिक नुकसान 2024 के 40.09 करोड़ डॉलर से बढ़कर 71.2 करोड़ डॉलर से ऊपर पहुंच गया।

ट्रुथ सोशल की स्थापना ट्रंप के फेसबुक, ट्विटर (अब एक्स) और यूट्यूब जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स से प्रतिबंध के जवाब में की गई थी। ये प्रतिबंध 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी कैपिटल पर हुए हमलों के बाद लगाए गए थे।