Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    अमेरिकी संसद में बढ़ा भारतवंशियों का दबदबा, भारतीय मूल के 6 सांसदों ने मारी बाजी; पढ़ें किसने कहां से जीता चुनाव

    By Agency Edited By: Piyush Kumar
    Updated: Wed, 06 Nov 2024 09:00 PM (IST)

    US Election 2024 भारतीय-अमेरिकी वकील सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया और पूरे ईस्ट कोस्ट से चुने जाने वाले समुदाय के पहले व्यक्ति चुनकर इतिहास रच दिया है ...और पढ़ें

    US Election 2024: भारतीय मूल के छह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत गए हैं। (फोटो सोर्स: रॉयटर्स)
    US Election 2024: भारतीय मूल के छह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत गए हैं। (फोटो सोर्स: रॉयटर्स)

    HighLights

    1. -प्रतिनिधि सभा के चुनाव में जीते भारतीय मूल के छह सदस्य
    2. सभी पांच मौजूदा भारतवंशी सांसदों ने फिर से जीता चुनाव

    पीटीआई, वॉशगटन। अमेरिकी संसद में भारतवंशियों की संख्या बढ़ गई है। भारतीय मूल के छह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत गए हैं। मौजूदा कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में इनकी संख्या पांच थी। सभी पांच मौजूदा भारतवंशी सांसदों को प्रतिनिधि सभा के लिए फिर से चुन लिया गया है। संसदीय चुनाव में कुल नौ भारतवंशी मैदान में उतरे थे।

    अमेरिकी संसद में भारतीय मूल के सदस्यों को समोसा काकस के नाम से जाना जाता है। वर्तमान में अमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति, रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और श्री थानेदार इसके सदस्य हैं। एरिजोना के पहले संसदीय जिले से डा. अमीश शाह अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मामूली अंतर से आगे हैं। अगर वह जीत हासिल करने में सफल होते हैं, तो प्रतिनिधि सभा में भारतीय अमेरिकियों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी।

    सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया से चुनाव जीतकर रचा इतिहास

    भारतीय-अमेरिकी वकील सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया और पूरे ईस्ट कोस्ट से चुने जाने वाले समुदाय के पहले व्यक्ति चुनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के माइक क्लांसी को हराया है। वह वर्तमान में वर्जीनिया राज्य के सीनेटर हैं।

    सुब्रमण्यम ने कहा कि मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया, ताकि मैं सबसे कठिन लड़ाई लड़ सकूं और कांग्रेस में परिणाम दे सकूं। पूर्व में राष्ट्रपति बराक ओबामा के व्हाइट हाउस सलाहकार रह चुके सुब्रमण्यम देशभर में भारतीय अमेरिकियों के बीच लोकप्रिय हैं।

    खबरें और भी

    राजा कृष्णमूर्ति ने इलिनोइस से मारी बाजी 

    श्री थानेदार मिशिगन के 13वें संसदीय जिले से लगातार दूसरी बार चुने गए। उन्होंने इसे पहली बार 2023 में जीता था। राजा कृष्णमूर्ति ने इलिनोइस के सातवें संसदीय जिले से लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है।

    उन्होंने कहा, मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि इलिनोइस के लोगों ने कांग्रेस में उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए मेरा अनुबंध बढ़ा दिया है। इसी प्रकार कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले रो खन्ना और वॉशिंगटन राज्य के सातवें संसदीय जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रमिला जयपाल ने भी जीत दर्ज की।

    पेशे से चिकित्सक डॉ. अमी बेरा 2013 से कैलिफोर्निया के छठे संसदीय जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय मूल के सबसे वरिष्ठ अमेरिकी सांसद हैं। उन्हें लगातार सातवीं बार फिर से चुना गया।

    यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को रचेंगे इतिहास, बनेंगे अमेरिका के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति; टूटेगा इस नेता का रिकॉर्ड