विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पुतिन यूक्रेन के साथ शांति समझौता करना चाहते हैं', ट्रंप का बड़ा दावा

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:16 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध खत्म करने के लिए समझौता ...और पढ़ें

'पुतिन यूक्रेन के साथ शांति समझौता करना चाहते हैं', ट्रंप का बड़ा दावा (फोटो- रॉयटर)

'पुतिन यूक्रेन के साथ शांति समझौता करना चाहते हैं', ट्रंप का बड़ा दावा (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. दोनों नेताओं के बीच तनाव को बताया शांति समझौते की राह में सबसे बड़ी बाधा 

  2. कहा- युद्ध में लगातार हो रही मौतों के बीच समझौते की जरूरत

आईएएनएस, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पुतिन के साथ उनकी एक और द्विपक्षीय बैठक हो सकती है। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि अगली बैठक कब और कहां होगी।

सीक्यू द्वारा उपलब्ध कराए गए ट्रांसक्रिप्ट के अनुसार, ट्रंप ने बुधवार को डलास रवाना होने से पहले एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। पुतिन के साथ अपनी हालिया बातचीत के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि पुतिन समझौता करना चाहते हैं और अगर जेलेंस्की भी इसके लिए तैयार हैं, तो यह अच्छी बात होगी।

जब ट्रंप से पूछा गया कि आखिर समझौते की राह में बाधा क्या है, तो उन्होंने रूस और यूक्रेन के दोनों नेताओं के बीच खराब रिश्तों को इसका प्रमुख कारण बताया। ट्रंप ने कहा, रुकावट की वजह वे दो लोग हैं जो एक-दूसरे से नफरत करते हैं।

उन्होंने कहा कि शांति की कोशिशों में सबसे बड़ी समस्या दोनों नेताओं के बीच तनाव है। ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों पक्ष लंबे समय से चल रहे युद्ध से थक चुके हैं और लगातार हो रही जनहानि समझौते की जरूरत को और बढ़ाती है।

हालांकि, ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई हालिया बातचीत की तारीख, उसकी अवधि या उसमें चर्चा किए गए प्रस्तावों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। यह पूछे जाने पर कि उन्हें क्यों लगता है कि अब शांति की दिशा में प्रगति संभव है, ट्रंप ने अपने लंबे राजनीतिक और कारोबारी अनुभव का हवाला दिया। उन्होंने कहा, मैं लोगों से बात करता हूं... पूरी जिंदगी बस लोगों से ही बात करता रहा हूं।

ट्रंप ने कहा कि वह समझौतों को लेकर अच्छी तरह जानते हैं और दोनों नेता लड़ते-लड़ते थक चुके हैं। उन्होंने युद्ध में हो रही भारी जनहानि का जिक्र करते हुए कहा, उस युद्ध में बहुत से लोग मारे जा रहे हैं, पिछले महीने 25,000 लोग मारे गए।

ट्रंप के बयान से संकेत मिलता है कि वह रूस और यूक्रेन के बीच किसी संभावित समझौते के लिए दोनों पक्षों पर दबाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मॉस्को और कीव किसी ठोस समझौते के लिए किन शर्तों पर आगे बढ़ने को तैयार हैं।