इजरायली बस्तियों पर यूरोप-कनाडा के प्रतिबंध से ट्रंप ने साधी चुप्पी, वेस्ट बैंक विवाद पर बड़ा मोड़
इजरायल के पुराने सहयोगियों ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस की ओर से वेस्ट बैंक की इजरायली बस्तियों पर प्रतिबंध लगाए जाने ...और पढ़ें

इजरायली बस्तियों पर यूरोप-कनाडा के प्रतिबंध से ट्रंप ने साधी चुप्पी
HighLights
ब्रिटेन ने प्रतिबंध से पहले ट्रंप को दी थी जानकारी, अमेरिकी राष्ट्रपति ने विरोध भी नहीं किया
वेस्ट बैंक में नस्लीय सफाये का आरोप लगाते हुआ ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने लगाए हैं प्रतिबंध
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। इजरायल के पुराने सहयोगियों ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस की ओर से वेस्ट बैंक की इजरायली बस्तियों पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है।
ट्रंप से जब पूछा गया कि अमेरिका इन प्रतिबंधों का विरोध करेगा या तटस्थ रहेगा, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इजरायल से बात करेंगे और इस मामले का कोई रास्ता निकालेंगे।
टेक्सास रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उन्हें वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों के खिलाफ हिंसा के आरोपों को लेकर इजरायली बस्तियों में रहने वाले लोगों पर ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों की जानकारी है।
उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी इस बारे में इजरायल का पक्ष जानेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह पता लगाएंगे कि अचानक ऐसा कैसे हुआ।
इस मामले से जुड़े तीन सूत्रों के अनुसार, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने प्रतिबंधों की घोषणा से पहले ट्रंप को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। सूत्रों का कहना है कि ट्रंप ने उस समय इसका विरोध नहीं किया था।
मंगलवार को ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों और वहां रहने वाले कुछ लोगों के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की थी।
इसे इजरायल के इन पुराने सहयोगियों की ओर से बड़ी फटकार के तौर पर देखा जा रहा है। इस पहल की अगुवाई ब्रिटेन ने की। ब्रिटेन ने इजरायल पर वेस्ट बैंक में नस्लीय सफाये का आरोप भी लगाया है।
