विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कच्चे तेल की कीमतें 103 डॉलर के पार', ट्रंप बोले- मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं

Published: Fri, 09 Oct 2026 01:58 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर ...और पढ़ें

ट्रंप का यू-टर्न, बोले- मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं

ट्रंप का यू-टर्न, बोले- मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं

HighLights

  1. ट्रंप का दावा- ईरान से सकारात्मक बातचीत जारी, 3 नवंबर के चुनाव तक सैन्य कार्रवाई नहीं

  2. अराघची बोले- अमेरिका के जवाब की समीक्षा जारी, सात दिन में होर्मुज खोलने की पेशकश

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर नए हमले नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत चल रही है।

ट्रंप के बयान के बाद तेल की कीमतों में तेजी कुछ कम हुई, हालांकि दिन में कच्चे तेल की कीमत पांच प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 103 डालर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी। ब्रेंट क्रूड 103.73 डालर प्रति बैरल तक गया।

रायटर के अनुसार, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमेरिका की ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी जारी है और होर्मुज स्ट्रेट से तेल बाहर जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 3 नवंबर के चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं किया जाएगा। अमेरिका और ईरान के बीच हाल के दिनों में युद्ध समाप्त करने और होर्मुज में नौवहन बहाल करने को लेकर अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है।

उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान के सात दिन में होर्मुज स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव पर अमेरिका के जवाब की समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बातचीत की प्रक्रिया जारी है और मध्यस्थों के जरिये संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है। ईरान अगले कुछ दिनों में अपना जवाब दे सकता है। प्रस्ताव के तहत शर्तें पूरी होने पर सामान्य समुद्री आवाजाही एक सप्ताह के भीतर बहाल की जा सकती है।

युद्ध में 81 अमेरिकी विमान-ड्रोन क्षतिग्रस्त
एपी के अनुसार, कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका के कम से कम 81 सैन्य विमान और ड्रोन क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं।

इनमें 45 एमक्यू-9 रीपर ड्रोन और 12 एफ-15ई स्ट्राइक ईगल शामिल हैं। रिपोर्ट में एक एफ-35ए लाइटनिंग-2 और सात केसी-135 स्ट्रैटोटैंकर विमानों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई है।

होर्मुज से जहाज निकालने के लिए भारी बोनस

अल जजीरा के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में जोखिम उठाकर तेल टैंकर ले जाने वाले कप्तानों को भारी वेतन और बोनस दिए जा रहे हैं। कुछ टैंकर कप्तानों को एक लाख डॉलर तक मासिक वेतन और हर यात्रा के लिए 50 हजार डॉलर का अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है। सामान्य परिस्थितियों में कप्तानों का मासिक वेतन करीब 15 हजार डॉलर होता है।

अमेरिका का दावा- होर्मुज पूरी तरह खुला

एएनआई के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के इस दावे को खारिज किया है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद है। सेंटकाम ने कहा कि स्ट्रेट से वाणिज्यिक और ऊर्जा आपूर्ति का यातायात जारी है और उसके अनुसार करीब दो करोड़ बैरल कच्चा तेल वहां से गुजर रहा है।

यह बयान ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर के सलाहकार मोहम्मदरेजा नक्दी के उस दावे के बाद आया, जिसमें उन्होंने होर्मुज पर ईरान के पूर्ण नियंत्रण की बात कही थी।