विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिडटर्म चुनाव के दिन ट्रंप का बड़ा धमाका, अब इजरायल को सालाना 4 अरब डॉलर नहीं देगा अमेरिका

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:00 AM (IST)Updated: Wed, 04 Nov 2026 07:00 AM (IST)

ट्रंप ने कहा, इजरायल को अब अमेरिकी सहायता की जरूरत नहीं है। इजरायल की सहायता करने पर कुछ डेमोक्रेटिक पार्टी ...और पढ़ें

ट्रंप इजरायल को दी जाने वाली चार अरब डॉलर की मदद रोकेंगे (फोटो- रॉयटर)

ट्रंप इजरायल को दी जाने वाली चार अरब डॉलर की मदद रोकेंगे (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. चालू वर्ष के अंत से रोक होगी लागू, मानी जा रही दबाव बनाने की कोशिश

  2. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले इजरायल जाकर प्रधानमंत्री बनूंगा

रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि इस वर्ष के अंत में अमेरिका इजरायल को दी जाने वाली चार अरब डालर की आर्थिक सहायता बंद कर देगा। इस बारे में अमेरिका ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सूचित कर दिया है।

माना जा रहा है कि ट्रंप ने अपने नजदीकी नेतन्याहू के सत्ता से दूर होने की संभावना को देखते हुए अमेरिकी सहायता खत्म करने का निर्णय लिया है।

विश्लेषक इसे नेतन्याहू को बनाए रखने के लिए ट्रंप की दबाव की रणनीति भी मान रहे हैं। ट्रंप ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिका इजरायल को दी जाने वाली कौन सी सहायता को रोकेगा।

उल्लेखनीय है कि इजरायल अमेरिका से सर्वाधिक विदेशी सहायता पाने वाले देशों में शामिल है। गाजा और लेबनान पर हमलों के दौरान पिछले तीन वर्षों में इजरायल को अमेरिका से भारी सैन्य सहायता मिली है। दोनों देशों के बीच समझौते के तहत अमेरिका प्रतिवर्ष इजरायल को 3.8 अरब डॉलर की सैन्य सहायता देता है। यह समझौता 2028 तक लागू है।

फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा, इजरायल को अब अमेरिकी सहायता की जरूरत नहीं है। इजरायल की सहायता करने पर कुछ डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और वामपंथी राजनीतिक लोग अक्सर रिपब्लिकन पार्टी की आलोचना करते हैं। इसलिए उन्होंने सहायता खत्म करने का निर्णय लिया है। लेकिन जब इजरायल को जरूरत होगी, अमेरिका उसकी मदद करेगा।

इजरायल जाकर प्रधानमंत्री बनूंगा: ट्रंप

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के दिन फॉक्स न्यूज के फॉक्स एंड फ्रेंड्स कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने ये टिप्पणियां कीं। ट्रंप ने कहा कि इजरायल में मेरी लोकप्रियता 99 प्रतिशत है। अगर अमेरिका के लोग मुझसे तंग आ जाते हैं, तो मैं इजरायल जाकर प्रधानमंत्री बन जाऊंगा।

इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के अध्यक्ष ने कहा, ट्रंप प्रशासन न्याय में बाधा डालने की कोशिश कर रहा

इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (आइसीसी) के अध्यक्ष ने ट्रंप प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह ट्रिब्यूनल पर प्रतिबंध लगाकर अंतरराष्ट्रीय न्याय में बाधा डालने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप प्रशासन इसमें सफल नहीं होगा।

अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण सोमवार को संयुक्त राष्ट्र को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए जापान की जज टोमोको अकाने ने सभी 193 सदस्य देशों से अपील की कि वे अदालत के बचाव में, व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से, ठोस कदम उठाएं।

राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन ने आइसीसी अधिकारियों पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। पिछले महीने, उन्होंने पूरी अदालत को ही निशाना बनाया। यह कदम उस अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए वे अमेरिका और उसके सहयोगियों (जिसमें इजरायल भी शामिल है) के खिलाफ हो रही जांच को रोकने के लिए इस ट्रिब्यूनल को खत्म करना चाहते हैं।

अकाने ने कहा कि यूएन महासभा में उनका यह संबोधन, अमेरिका द्वारा उठाए गए उन असाधारण और अभूतपूर्व कदमों का नतीजा है, जिनसे जजों, अभियोजकों और खुद आइसीसी को खतरा पैदा हो गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।