फ्लाइट में बिना हेडफोन वीडियो देखने वाले सावधान, इस एयरलाइंस ने लागू किया सख्त नियम; विमान से उतार भी सकती है कंपनी
यूनाइटेड एयरलाइंस ने फ्लाइट में यात्रियों के लिए सख्त नियम लागू किया है। अब व्यक्तिगत डिवाइस पर ऑडियो या वीडियो देखने के लिए हेडफोन का उपयोग अनिवार्य है।

यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपनी कॉन्ट्रैक्ट ऑफ कैरिज में यह बदलाव 27 फरवरी 2026 को जोड़ा है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूनाइटेड एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए सख्त नियम लागू कर दिया है। अब अगर कोई यात्री फ्लाइट में अपने फोन, टैबलेट या किसी डिवाइस पर ऑडियो सुन रहा हो या वीडियो देख रहा हो और हेडफोन इस्तेमाल नहीं कर रहा, तो एयरलाइंस उसे फ्लाइट से उतार सकती है, यात्रा से मना कर सकती है या यहां तक कि स्थायी रूप से बैन भी कर सकती है।
यह नया नियम यात्रियों की शांति और सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया है, खासकर जब अब फ्लाइट्स में हाई-स्पीड स्टारलिंक वाई-फाई का विस्तार हो रहा है।
यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपनी कॉन्ट्रैक्ट ऑफ कैरिज में यह बदलाव 27 फरवरी 2026 को चुपचाप जोड़ा। कंपनी के मुताबिक, यह नियम सुरक्षा से जुड़ा है, क्योंकि बिना हेडफोन के तेज आवाज में कंटेंट चलाना दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।
नए नियम में क्या लिखा है?
यूनाइटेड की वेबसाइट पर अब स्पष्ट लिखा है कि "यात्रियों को ऑडियो या वीडियो कंटेंट सुनते समय हेडफोन इस्तेमाल करना होगा।"
अगर कोई यात्री इस नियम का पालन नहीं करता, तो एयरलाइंस को अधिकार है कि वह उसे फ्लाइट से हटा दे, यात्रा से इनकार कर दे या स्थायी रूप से बैन कर दे। नियम में साफ कहा गया है, "यूनाइटेड एयरलाइंस को किसी भी यात्री को स्थायी आधार पर यात्रा से मना करने या फ्लाइट से उतारने का अधिकार है, जो इस नियम का उल्लंघन करता है।"
कुछ मामलों में फ्लाइट से उतारे गए यात्री को रिफंड भी मिल सकता है, लेकिन बैन होने पर भविष्य में यूनाइटेड की किसी भी फ्लाइट में सफर करना मुश्किल हो जाएगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
यूनाइटेड एयरलाइंस ने एबीसी न्यूज को दिए बयान में कहा कि वे हमेशा से यात्रियों को हेडफोन इस्तेमाल करने की सलाह देते रहे हैं। अब स्टारलिंक के जरिए फ्लाइट में तेज इंटरनेट उपलब्ध होने से लोग ज्यादा वीडियो और ऑडियो कंटेंट देखते-सुनते हैं। इसलिए इसे और साफ करने के लिए नियम को कॉन्ट्रैक्ट में जोड़ा गया।
कुछ यूनाइटेड फ्लाइट्स में सीट पर प्लेबैक सिस्टम है। मुफ्त प्लग-इन हेडफोन मिल जाते हैं। लेकिन पर्सनल डिवाइस पर कंटेंट के लिए यात्री को अपना हेडफोन या ईयरबड्स साथ लाना होगा।
दूसरी एयरलाइंस का क्या रुख है?
यूनाइटेड अकेली नहीं है जो इस तरह के नियम रखती है। साउथवेस्ट एयरलाइंस पहले से ही कहती है कि यात्रियों को ऑडियो सुनते समय हेडफोन जरूर इस्तेमाल करना चाहिए। उनकी वेबसाइट पर लिखा है, "हेडफोन जरूरी है जब कोई यात्री कोई भी ऑडियो सुन रहा हो।"
साउथवेस्ट के पास सीटबैक स्क्रीन नहीं होती और न ही वे हेडफोन बेचती या किराए पर देती है। डेल्टा एयरलाइंस भी यात्रियों से अनुरोध करती है कि वे हेडफोन इस्तेमाल करें। उनकी वेबसाइट पर लिखा है, "सबकी सुविधा के लिए पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस इस्तेमाल करते समय ईयरबड्स या हेडफोन लगाएं।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।