यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन आएंगी भारत, इंडोनेशिया के G20 समिट में भी होंगी शामिल
अगले सप्ताह अमेरिका की वित्त मंत्री जैनेट येलेन (Janet Yellen) भारत और इंडोनेशिया का दौरा करेंगी। भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंध को मजबूती देने ...और पढ़ें

वाशिंगटन, एजेंसी। Janet Yellen India Visit : अगले सप्ताह अमेरिका की ट्रेजरी सेक्रेटरी जैनेट येलेन (Janet Yellen) भारत और इंडोनेशिया का दौरा करेंगी। भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंध को मजबूती देने के क्रम में येलेन का यह दौरा हो रहा है। वे भारत में होने वाली अमेरिका-भारत आर्थिक और वित्तीय सहयोग बैठक में शामिल होंगी। वित्त मंत्री बनने के बाद यह येलेन की पहली भारत यात्रा है।
अक्टूबर में अमेरिका गईं थीं भारतीय वित्त मंत्री
पिछले माह अक्टूबर में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन के साथ वर्तमान वैश्विक वृहद आर्थिक स्थिति पर चर्चा की। अमेरिका जाने के बाद सीतारमण ने सबसे पहले वहां की वित्त मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने नवंबर में भारत में होने वाली अमेरिका भारत आर्थिक और वित्तीय सहयोग बैठक में शामिल होने के लिए येलेन को आमंत्रित भी किया। सीतारमण और येलेन ने दोनों देशों के आपसी हितों पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत की अध्यक्षता में होने वाली जी 20 बैठक से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
पांच दिनों के लिए अमेरिका में थीं सीतारमण
सीतारमण पांच दिनों के लिए अमेरिका गईं थीं। उन्होंने वहां आईएमएफ और वर्ल्ड बैंक की सलाना बैठकों में हिस्सा लिया था। साथ ही कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल हुईं। उस वक्त अमेरिकी वित्त मंत्री येलेन ने कहा, 'अमेरिका और भारत वैश्विक इकोनामी के लिए अहम हैं। हमें आर्थिक विकास और सहयोग के क्षेत्र में मिलकर काम करना होगा। इससे हमारी साझीदारी काफी मजबूत हुई है।' उन्होंने कोरोना महामारी और रूस व यूक्रेन के बीच जंग का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों को इसकी वजह से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
जो बाइडन सरकार में वित्त मंत्री बनाईं गईं येलेन
पिछले साल 74 वर्षीय येलेन अमेरिका की वित्त मंत्री चुनीं गईं। इससे पहले वो अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की गवर्नर रह चुकी हैं।