कनाडा के सरे में भारतीय मूल का व्यक्ति गिरफ्तार, महिला के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप
कनाडा के सरे शहर में एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय मूल के जगेंदर कुराना को गिरफ्तार किया गया है।

भारतीय मूल का व्यक्ति यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ओटावा। कनाडा के सरे शहर में एक पार्क में एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में भारतीय मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 40 वर्षीय व्यक्ति पर दो आरोप लगाए गए हैं।
सरे पुलिस सर्विस ने बताया कि उसके अधिकारियों ने 9 अगस्त को बेयर क्रीक पार्क में यौन उत्पीड़न की घटना की सूचना मिलने पर कार्रवाई की। महिला ने पुलिस को बताया व्यक्ति ने उसे गलत तरीके से छुआ और फिर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और लोगों से जानकारी मांगी और संदिग्ध की तस्वीरें जारी कीं। जल्द ही पुलिस ने हुलिए से मेल खाते व्यक्ति की पहचान कर ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी जगेंदर कुराना को 12 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो आरोपों को मंजूरी
इसके बाद ब्रिटिश कोलंबिया प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने कुराना के खिलाफ क्रिमिनल कोड के तहत दो आरोपों को मंजूरी दी, एक यौन उत्पीड़न का और दूसरा यौन हस्तक्षेप का।
पुलिस ने बताया कि कुराना को हिरासत में भेज दिया गया है और 17 अगस्त को अदालत में अगली पेशी तक वह जमानत की सुनवाई का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने कहा कि कथित हमले की जांच की जा रही है।
