चीनी EV से जासूसी का खतरा कनाडा में बढ़ी चिंता, पूर्व खुफिया प्रमुख ने दी चेतावनी
कनाडा में चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के बढ़ते आयात से राष्ट्रीय सुरक्षा और निजता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

चीनी ईवी से नागरिकों की निजता पर खतरा। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
कनाडा में चीनी ईवी से जासूसी और निजता का खतरा।
पूर्व खुफिया प्रमुख ने डेटा के दुरुपयोग की आशंका जताई।
व्यापार समझौते से चीनी ईवी आयात शुल्क में कमी आई।
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। दुनियाभर में चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के बढ़ते दखल के बीच निजता और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। कनाडा ने भी चीनी ईवी आयात को हरी झंडी दी है, जिस पर वहां की खुफिया एजेंसी के पूर्व प्रमुख डेविड विग्नो ने आशंका जताई है कि इन वाहनों से जुटाई गई जानकारी चीन तक पहुंच सकती है और उसका दुरुपयोग निगरानी या जासूसी के लिए किया जा सकता है।
'द एपोक टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, सात साल तक कनाडाई सुरक्षा खुफिया सेवा (सीएसआईएस) के प्रमुख रहे विग्नो ने एक कार्यक्रम में कहा कि वाहनों से लोगों की बातचीत, आवाजाही, मेलजोल और आसपास की गतिविधियों से जुड़ा डाटा जुटाया जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि चीन इस जानकारी का इस्तेमाल अपने हितों के लिए कर सकता है।
कनाडा के अन्य पूर्व खुफिया अधिकारियों और चीन मामलों के विशेषज्ञों ने भी चेताया है कि वाहनों में लगे कैमरे, माइक्रोफोन, जीपीएस और साफ्टवेयर संवेदनशील जानकारी जुटा सकते हैं। कुछ विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और परिवहन नेटवर्क की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं।
दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते ने इन चिंताओं को और बढ़ाया
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की जनवरी में बीजिंग यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते ने इन चिंताओं को और बढ़ाया। समझौते के तहत शुरुआती 49 हजार चीनी ईवी पर आयात शुल्क 100 प्रतिशत से घटाकर 6.1 प्रतिशत किया गया है। पांच साल में आयात कोटा बढ़कर करीब 70 हजार वाहन होने की उम्मीद है। बदले में चीन ने कनाडा के कुछ कृषि और समुद्री खाद्य उत्पादों पर शुल्क घटाने या हटाने पर सहमति दी।
कनाडा सरकार का कहना है कि समझौते से व्यापार के नए अवसर खुलेंगे और किफायती ईवी उपलब्ध होंगे। अब सांसद इसके राष्ट्रीय सुरक्षा, नागरिकों की निजता और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर संभावित असर की समीक्षा कर रहे हैं।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।