इजरायल में नेतन्याहू की सत्ता पर संकट, आइसेनकोट ने वैकल्पिक सरकार बनाने का ठोका दावा
गादी आइसेनकोट ने अरब पार्टियों के समर्थन से इजरायल में वैकल्पिक सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया है, जिसके लिए उन्हें अब 67 सांसदों का समर्थन प्राप्त है।

आइसेनकोट ने इजरायल में वैकल्पिक सरकार बनाने का संकल्प लिया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। मध्यमार्गी गठबंधन को अरब पार्टियों के समर्थन के बाद याशर पार्टी के नेता गादी आइसेनकोट ने इजरायल में वैकल्पिक सरकार के गठन का संकल्प व्यक्त किया है। कहा, आगे का लंबा रास्ता अभी बाकी है।
सरकार बनाने के बाद लोगों के विश्वास पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है। आई सेनकोट ने यह बात राष्ट्रपति आइजक हरजोग से मुलाकात के बाद कही है।
विदित हो कि 19 सांसदों वाली अरब पार्टियों का समर्थन मिलने के बाद आइसेनकोट के पास अब कुल 67 सांसदों का समर्थन है। जबकि 120 सदस्यों वाली संसद नीसेट में सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
एक्स पर पोस्ट अपने बयान में आइसेनकोट ने कहा, प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने के लिए सामने रास्ता है लेकिन वह लंबा है। इसके बावजूद हम इस रास्ते पर चलेंगे और सफलता से सफर पूरा करेंगे।
जबकि अरब पार्टियों के गठबंधन ज्वाइंट लिस्ट के प्रमुख यूसुफ जबरीन ने एक्स पर पोस्ट अपने बयान में प्रधानमंत्री पद के लिए आइसेनकोट के समर्थन का कारण बताया है।
कहा, हम हर कीमत पर सबसे बड़े खतरे से निजात पाना चाहते हैं। हमने नेतन्याहू और उनके सहयोगियों को सत्ता से हटाने के लिए वैकल्पिक सरकार के लिए समर्थन दिया है।
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि बेंजामिन नेतन्याहू के पास सत्ता में बने रहने का अब कोई फार्मूला नहीं बचा है। यूनाइटेड टोरा जूडिज्म (यूटीजेड) के दक्षिणपंथी गठबंधन छोड़ देने से नेतन्याहू के साथ अब केवल 46 सांसद हैं।
इसलिए अब उनका प्रधानमंत्री पद पर बने रहना संभव नहीं है। इस बीच इजरायल बेतेनु पार्टी के नेता एविग्डोर लिबरमैन ने कहा है कि वैकल्पिक सरकार के गठन के लिए उनकी ओर से कोई शर्त नहीं है। वह हारेदी समुदाय को सेना में भर्ती में मिलने वाली सुविधा को खत्म करने पर जोर नहीं देंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)