यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Israel-Hamas War: 14 बंधकों के बदले इजरायल ने रिहा किए 42 कैदी, बाइडन बोले- सभी की रिहाई की होगी कोशिश
गाजा पट्टी में चार दिनों के युद्धविराम के दूसरे दिन शनिवार को हमास ने 14 बंधक रिहा किए। बदले में इजरायल ने 42 कैदियों को अपनी जेलों से रिहा कर उन्हें ...और पढ़ें

HighLights
- हमास के रिहा हुए बंधकों का स्वास्थ्य है ठीक
- हमास बंधक बनाए गईं 50 महिलाओं और बच्चों को करेगा रिहा
रायटर, यरुशलम। गाजा पट्टी में चार दिनों के युद्धविराम के दूसरे दिन शनिवार को हमास ने 14 बंधक रिहा किए। बदले में इजरायल ने 42 कैदियों को अपनी जेलों से रिहा कर उन्हें फलस्तीनी इलाकों में जाने की अनुमति दी। बंधकों और कैदियों की रिहाई में मिस्र के अधिकारियों और रेडक्रास कर्मियों ने सक्रिय भूमिका अदा की। शाम को कई घंटे तक असमंजस की स्थिति बने रहने के बाद देर शाम बंधकों और कैदियों की अदलाबदली हुई।
बच्चों के स्वास्थ्य की हो रही जांच
शुक्रवार को रिहा हुए नौ वर्षीय ओहद मंदर और अन्य तीन बच्चों का स्वास्थ्य ठीक है। हमास की कैद से रिहाई के बाद इन बच्चों को अस्पताल में रखकर उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। हमास के बंधक रहे नौ अन्य इजरायली नागरिकों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी चल रहा है। इनके अतिरिक्त शुक्रवार को 11 अन्य बंधक भी रिहा हुए थे, उनके स्वास्थ्य की भी जांच हो रही है।
इन नागरिकों की भी हुई रिहाई
शुक्रवार को हुए युद्धविराम के चार दिनों में हमास बंधक बनाए गईं 50 महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा, बदले में इजरायल सरकार विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद 150 फलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगी। इजरायल और हमास के बीच हुए इस समझौते के अतिरिक्त एक अन्य समझौते के तहत शुक्रवार को थाइलैंड के दस नागरिकों और फिलीपींस के एक नागरिक की रिहाई हुई।
.jpg)
ईरान ने कहा कि उसके हस्तक्षेप से इन बंधकों की रिहाई संभव हुई थी। दोनों समझौतों के तहत शुक्रवार को कुल 24 बंधकों की रिहाई हुई थी, जबकि इजरायल ने हमास से अपने समझौते के तहत 39 फलस्तीनी कैदी ही रिहा किए थे। इजरायल और हमास के बीच हुए समझौते में एक बंधक के बदले में इजरायल को तीन फलस्तीनी कैदी रिहा करने हैं, जो बंधक रिहा हुए हैं उनके परिवारजन खुश हैं, लेकिन जिनके रिश्तेदार अभी भी हमास के कब्जे में हैं वे चिंतित हैं। इस चिंता को समझते हुए कोई भी इजरायली सार्वजनिक रूप से खुशी नहीं मना रहा है। अमेरिका ने आखिरी बंधक की रिहाई तक सक्रिय प्रयास करने की बात कही है।
खबरें और भी
'हरसंभव कोशिश करेगा अमेरिका'
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अमेरिका हरसंभव कोशिश करेगा कि युद्धविराम आगे बढ़े और सभी बंधकों की रिहाई हो। सात अक्टूबर को इजरायली शहरों पर हमास के लड़ाकों के बर्बर हमले में 1,200 लोगों को मारे जाने और हजारों के घायल होने के बाद इजरायली सेना ने गाजा पट्टी पर हमले शुरू किए थे जिनमें 14 हजार से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं। सात अक्टूबर को ही हमास के लड़ाके लगभग 250 महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को अगवा कर गाजा में ले आए थे। अब उन्हीं की रिहाई की प्रक्रिया चल रही है।