विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Israel Hamas War: आग की लपटें और धुएं से काला हुआ गाजा का आसमान, 20 हजार से अधिक मौत; 130 बंधकों की रिहाई के लिए हमास ने रखी शर्त

Published: Fri, 22 Dec 2023 06:30 AM (IST)

Israel Hamas War विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि उत्तरी गाजा में आखिरी अस्पताल भी बंद होने के कगार ...और पढ़ें

कई इलाकों में आग की लपटें उठती और उनके ऊपर आकाश में काला धुंआ छाया हुआ देखा गया।
कई इलाकों में आग की लपटें उठती और उनके ऊपर आकाश में काला धुंआ छाया हुआ देखा गया।

HighLights

  1. गाजा में मृतक संख्या 20 हजार हुई, 137 इजरायली सैनिक मरे
  2. उत्तरी गाजा में नहीं बची घायलों के इलाज के लिए जगह
  3. बंधक रिहाई के लिए हमास की युद्ध खत्म करने की शर्त

रायटर, यरुशलम। युद्धविराम के लिए चल रही वार्ता के बीच गाजा पट्टी में इजरायली सेना और हमास के बीच भीषण लड़ाई जारी है। गुरुवार को इजरायली विमानों ने कई इलाकों में भीषण बमबारी की। इस बमबारी में दर्जनों लोगों के मारे जाने की सूचना है। हमास ने भी तेल अवीव और अन्य इजरायली शहरों पर 30 रॉकेट दागकर अपनी क्षमता का एक बार फिर परिचय दिया है। उनसे हुए नुकसान की सूचना नहीं है।

इस बीच अमेरिका ने कहा है कि गाजा में युद्धविराम के लिए वार्ता बेहद गंभीर दौर में पहुंच गई है। वार्ता में हमास ने बाकी बचे करीब 130 बंधकों की रिहाई के लिए गाजा से पूरी तरह से युद्ध खत्म किए जाने की शर्त रख दी है। इजरायली विमानों ने उत्तरी गाजा में बीती रात भीषण बमबारी की। इसके चलते सुबह कई इलाकों में आग की लपटें उठती और उनके ऊपर आकाश में काला धुंआ छाया हुआ देखा गया।

क्षेत्रीय लोगों ने पूरी रात धमाकों की आवाजें सुनीं। जबालिया शरणार्थी क्षेत्र में पूरी रात गोलीबारी होती रही। यहां पर कई दिनों से इजरायली सैनिकों और हमास के लड़ाकों के बीच भीषण लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। दक्षिणी गाजा में भी बुधवार-गुरुवार की रात इजरायल ने भीषण बमबारी की। मिस्त्र की सीमा के नजदीक बसे रफाह कस्बे में गुरुवार सुबह हुई बमबारी में चार लोग मारे गए हैं। गाजा में चिकित्सा सुविधाएं संचालित करने वाली संस्था रेड क्रीसेंट ने कहा है कि लगातार चल रही लड़ाई और बमबारी के चलते वह जबालिया सहित कई स्थानों पर एंबुलेंस भेजकर वहां से मृतकों और घायलों को लाने की स्थिति में नहीं है।

युद्ध में अभी तक करीब 54 हजार फलस्तीनी घायल

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि उत्तरी गाजा में आखिरी अस्पताल भी बंद होने के कगार पर है। इस अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए दवा, ईंधन और स्टाफ नहीं हैं। विदित हो कि गाजा में छिड़े युद्ध में अभी तक करीब 54 हजार फलस्तीनी घायल हो चुके हैं जबकि मृतकों की संख्या 20 हजार तक पहुंच गई है। गाजा में मरने वाले इजरायली सैनिकों की संख्या भी बढ़कर 137 हो गई है। मिस्त्र में चल रही वार्ता में हमास के नेता इस्माइल हानिया के साथ गाजा में दूसरे बड़े सशस्त्र संगठन इस्लामिक जिहाद के नेता भी शामिल हैं।

युद्धविराम पर वार्ता बहुत गंभीर

अमेरिकी राष्ट्रपति के व्हाइट हाउस कार्यालय के प्रवक्ता जान किर्बी ने कहा है कि युद्धविराम पर वार्ता बहुत गंभीर दौर में पहुंच गई है। हम इस वार्ता को आगे बढ़ाने में सहयोग दे रहे हैं। हमास ने साफ कर दिया है कि वह गाजा में युद्ध खत्म किए जाने और बंधकों के बदले में कैदी छोड़े जाने से कम पर तैयार नहीं है। जबकि इजरायल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने वार्ता को गंभीर दौर में होने की बात कहते हुए उसके बारे में कोई जानकारी देने से इन्कार कर दिया है।

लेबनान और सीरिया में इजरायल के जवाबी हमले

इजरायल के सीमावर्ती शहर किरयात शिमोना पर हिजबुल्ला के राकेट हमलों के बाद इजरायल ने लेबनान में अतिवादी संगठन के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में एक वृद्ध महिला के मारे जाने की सूचना है। हिजबुल्ला ने इजरायली शहर पर आठ रॉकेट दागे थे जिनमें से छह को आकाश में ही नष्ट कर दिया गया लेकिन दो ने शहर के आधारभूत ढांचे को नुकसान पहुंचाया। उसमें कोई घायल नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त सीरिया से भी इजरायल पर चार राकेट हमले हुए। इन हमलों में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। जवाब में इजरायली सेना ने सीरिया के सैन्य ठिकानों पर गोलाबारी की।

अमेरिका ने राहत सामग्री की आपूर्ति पर जताई चिंता

सुरक्षा परिषद में अमेरिका ने गाजा में राहत सामग्री की धीमी आपूर्ति पर ¨चता जताई है। कहा कि इसे लेकर विश्व में व्यापक ¨चता है। इससे आमजन प्रभावित हो रहे हैं। हम राहत सामग्री की आपूर्ति तेज करने पर विचार कर रहे हैं। अमेरिका की सहमति से सुरक्षा परिषद में इससे संबंधित प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी चल रही है। संयुक्त राष्ट्र की आई रिपोर्ट के अनुसार खाद्य सामग्री की कमी के चलते गाजा में भूख बड़ी समस्या बन गई है और लाखों लोग इसकी चपेट में आ गए हैं।

यह भी पढ़ें- Israel Hamas War: हर तरफ लाशों का ढेर, मुर्दाघर में पड़े सैकड़ों लावारिस शव; गाजा में मौत का तांडव जारी

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कई टुकड़ों में मिली लाश: पॉलिथीन में रखे थे कटे हाथ-पैर, मानव अंग के साथ सड़क किनारे मिला दो बैग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।