'ईरान ने मेरे बेटे की हत्या की कोशिश की', इजरायल के पीएम नेतन्याहू का तेहरान पर बड़ा आरोप
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर अपने एक बेटे की हत्या की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।

ईरान ने मेरे एक बेटे की हत्या की कोशिश की। (रॉयटर्स)
HighLights
नेतन्याहू ने ईरान पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया।
चुनावी अभियान के दौरान संयम बरतने की अपील की।
प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजेमिन नेतन्याहू ने ईरान पर अपने बेटे की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह दावा सोमवार को 'चैनल 14' के मिलिट्री कॉरेस्पोंडेंट नोआम अमीर के साथ फोन पर बातचीत के दौरान किया, जिसमें उन्होंनें इजरायल के चुनावी अभियान के दौरान संयम बरतने की अपील भी की।
नेतन्याहू ने यह नहीं बताया कि उनके किस बेटे, यायर या एवनर को निशाना बनाया गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि खतरा इतना गंभीर था कि उन्हें प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों के लिए और ज्यादा सुरक्षा की मांग करनी पड़ी।
ईरान ने मेरे एक बेटे की हत्या की कोशिश की- नेतन्याहू
नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने मेरे एक बेटे की हत्या की कोशिश की। इसलिए यह वादा जो मैं कर रहा हूं, सिर्फ एक सुविधा नहीं हैं, इसके बिना वे मेरे बेटे की हत्या करने में सफल हो जाते हैं। लोगों को कुछ संयम बरतना चाहिए, खासकर चुनावी अभियान के दौरान।
अमीर ने नेतन्याहू से पूछा कि किया हत्या की कथित कोशिश उन्हें मिली खुफिया जानकारी का हिस्सा थी। नेतन्याहू ने जवाब दिया कि यह एक अतिविश्वसनीय मामला है। ईरान ने मेरे एक बेटे को निशाना बनाया। ईरान ने उसकी हत्या करने की कोशिश की, मेरे एक बेटे की हत्या करने की कोशिश की।
प्रधानमंत्री पद के किसी भी उम्मीदवार को उचित सुरक्षा मिले- नेतन्याहू
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उन्होंने उम्मीदवारों की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में शिन बेट प्रमुख डेविड जिनी से बात की थी। उन्होंने कहा कि मैंने शिन बेट के प्रमुख डेविड जिनी से बात की और उनसे कहा कि वे प्रधानमंत्री पद के किसी भी उम्मीदवार को उचित सुरक्षा प्रदान करें।
ये बातें तब सामने आई हैं जब जुलाई में शिन बेट मामलों की इजराइली मंत्री-स्तरीय समिति ने नेतन्याहू की पत्नी सारा और उनके बेटों, यायर और एवनर के लिए अतिरिक्त व्यक्तिगत सुरक्षा को मंजूरी दी थी।
हालांकि, नेतन्याहू ने यह नहीं बताया कि ईरान की हत्या की कोशिश में यायर या एवनर में से किसे निशाना बनाया गया था।
चुनावी अभियान के दौरान विशेष संयम बरतने की जरूरत- नेतन्याहू
प्रधानमंत्री की ये टिप्पणियां इजराइल में सुरक्षा संबंधी चिंताओं और राजनीतिक तनाव के बीच आई हैं। नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि राजनीतिक हस्तियों के खिलाफ खतरों को देखते हुए चुनावी अभियान के दौरान विशेष संयम बरतने की जरूरत है।
