मिडिल ईस्ट में महायुद्ध का खतरा: ईरान में शादी समारोह पर अमेरिकी हमला, 4 की मौत; तेहरान का पलटवार शुरू
ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान में एक शादी समारोह पर अमेरिकी मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गई ...और पढ़ें

ईरान में शादी समारोह पर अमेरिकी हमला: 4 की मौत, 50 से अधिक घायल
HighLights
अंतरिम समझौते का अमेरिका सम्मान करेगा तो ईरान भी वैसा ही करेगा : पेजेश्कियान
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी ठिकानों पर भीषण हमले कर रहा है अमेरिका
एएनआई, तेहरान। ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान में एक शादी समारोह पर अमेरिकी मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। ईरानी रेड क्रिसेंट ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रेड क्रिसेंट के अनुसार, सिरिक काउंटी के कुहेस्तक शहर में एक आवासीय घर पर अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद शेल के टुकड़े गिरे, जहां शादी का जश्न चल रहा था। इसमें एक छोटे बच्चे सहित चार लोगों की मौत हुई और 50 से अधिक घायल हुए।
पहले होर्मोजगान प्रांत के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने राज्य टीवी पर दो मौतों और कई घायलों की बात कही थी। सिरिक काउंटी होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है।
इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने आधिकारिक बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने 1 सितंबर को ईरानी सैन्य ठिकानों के खिलाफ हमलों की लहर सफलतापूर्वक पूरी कर ली।
सेंटकॉम के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के एयर डिफेंस साइट्स, रडार सिस्टम, समुद्री संपत्तियां, माइन बिछाने की क्षमताएं और संचार केंद्रों को निशाना बनाया गया।
ये हमले हाल में आईआरजीसी द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजरानी और अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ कथित हमलों के प्रयासों के बाद किए गए। सेंटकॉम ने बताया कि मध्य पूर्व में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात हैं और वे सतर्क हैं।
ईरान ने अमेरिका पर किया पलटवार
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी प्रिंस हसन एयर बेस पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले की जिम्मेदारी ली है। आईआरजीसी का दावा है कि यह हमला अमेरिकी ठिकानों के खिलाफ शुरू किए गए ‘निर्णायक अभियान’ का हिस्सा है।
ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी द्वारा जारी बयान में आईआरजीसी ने कहा कि उसने प्रिंस हसन एयर बेस पर ‘भारी’ बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया। इस हमले में लंबी दूरी के आरक्यू-4 और एमक्यू-9 ड्रोन रखने वाले हैंगर को निशाना बनाया गया।
आईआरजीसी के अनुसार, हमले में कई ड्रोन नष्ट कर दिए गए, कई अमेरिकी उड़ान और तकनीकी कर्मी मारे गए तथा अड्डे के तकनीकी बुनियादी ढांचे के कुछ हिस्सों में आग लग गई।
बंदर अब्बास और चाबहार बंदरगाह पर धमाके हुए
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच फिर युद्ध भड़क गया है। अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के ठिकानों पर हमले किए। होर्मुज के उत्तरी हिस्से में ईरान के केशम द्वीप, पोर्ट सिटी बंदर अब्बास और चाबहार बंदरगाह पर धमाके हुए। इस बीच ईरान के सिरिक शहर के पास अमेरिकी हवाई हमले में शादी समारोह में चार लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
