ईरान के साथ चरम पर पहुंचा अमेरिका का तनाव, पश्चिम एशिया क्षेत्र में पहुंचा जंगी बेड़ा; क्या होने वाला है हमला?
अमेरिका ने ईरान के साथ चरम तनाव के बीच अपने युद्धपोतों का बेड़ा पश्चिम एशिया क्षेत्र में तैनात कर दिया है। दो अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। ...और पढ़ें

विमानवाहक पोत और उसके सहायक युद्धपोत पश्चिम एशिया क्षेत्र में पहुंच चुके हैं (फोटो: रॉयटर्स)
HighLights
अमेरिकी युद्धपोतों का बेड़ा पश्चिम एशिया क्षेत्र में पहुंचा।
ईरान के साथ चरम तनाव के बीच यह तैनाती हुई।
अमेरिकी सेना की सुरक्षा सुनिश्चित करना मुख्य उद्देश्य है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के साथ चरम तनाव की स्थिति के बीच अमेरिकी ''आर्मडा'' (युद्धपोतों का बेड़ा) - विमानवाहक पोत और उसके सहायक युद्धपोत पश्चिम एशिया क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। दो अमेरिकी अधिकारियों ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की है।
इस कदम को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी सेना की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहना है।
अधिकारियों के मुताबिक, विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम ¨लकन और कई गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक पोतों ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। यह क्षेत्र अमेरिकी सेना के 'सेंट्रल कमांड' के अधिकार क्षेत्र में आता है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में इसे ईरान की ओर बढ़ने वाला एक ''आर्मडा'' बताया था, हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे इसका उपयोग करने की नौबत नहीं आने देना चाहते। इन युद्धपोतों की तैनाती का फैसला ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर हुई कड़ी कार्रवाई के बाद बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच लिया गया है।
ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई जारी रखता है, तो अमेरिका हस्तक्षेप कर सकता है। हालांकि, ताजा रिपोर्टों के अनुसार अब प्रदर्शनों में कमी आई है और प्रदर्शनकारियों को फांसी देने की तत्काल कोई योजना नहीं दिख रही है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)