नेपाल में फिर चमत्कार: 11वें दिन चीनी नागरिक और बुजुर्ग महिला बचाई गई, 5000 लोग अब भी लापता
नेपाल में 26 अगस्त को ग्लेशियर ढहने के बाद आई अचानक बाढ़ के मलबे में दबे लोगों की तलाश अब ...और पढ़ें

नेपाल में फिर चमत्कार: 11वें दिन चीनी नागरिक और बुजुर्ग महिला बचाई गई (फोटो- रॉयटर)
HighLights
त्रिशूली की सुरंग में फंसा था चीनी नागरिक, नुवाकोट में घर में दबी मिली महिला
महिला का शोकसंतप्त परिवार कर चुका था उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार
नेपाल में अब तक 1344 लोगों के मरने की पुष्टि, 5000 लोग अब भी लापता
रॉयटर, काठमांडू। नेपाल में 26 अगस्त को ग्लेशियर ढहने के बाद आई अचानक बाढ़ के मलबे में दबे लोगों की तलाश अब भी जारी है और लगातार चमत्कारिक नतीजे भी मिल रहे हैं, जो राहत और बचाव में जुटे लोगों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
आपदा के 11वें दिन शनिवार को हाइड्रोपावर परियोजना की सैकड़ों मीटर गहरी सुरंग से एक चीनी नागरिक और मकान के मलबे से 60 वर्षीय महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
खास बात यह रही कि इस महिला के परिवार ने उसे मृत मानकर उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार कर दिया था।
आपदा में मरनेवालों की संख्या 1344 हो गई है
वहीं, आपदा में मरनेवालों की संख्या 1344 हो गई है। 5000 से अधिक लोग लापता बताए गए हैं। इनमें 589 विदेशी नागरिक शामिल हैं। पुलों और सड़कों के बहने से जमीनी संपर्क कटने की वजह से 20 हेलिकॉप्टरों के जरिये लोगों को खोजा और निकाला जा रहा है।
नेपाल सेना ने शनिवार को बताया कि अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की 225 मीटर गहरी सुरंग 'आदित टनल 4' में फंसे लु हाईताओ नाम के चीनी नागरिक को सुरक्षित निकाला गया।
लु हाइताओ को शरीर पर कहीं चोट नहीं लगी है
उसे दक्षिण कोरिया के दल की मदद से निकाला गया। वह यहां से निकाला जानेवाला वह तीसरा व्यक्ति है, जबकि 900 से अधिक लोग अब भी अलग-अलग परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे हो सकते हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी दो लोगों को अपर त्रिशूली 3ए परियोजना की सुरंग से निकाला गया था।
अधिकारियों के अनुसार, लु हाइताओ को शरीर पर कहीं चोट नहीं लगी है और वह स्थिर बताया गया है। उसे हाइपोथर्मिया का मामूली असर बताया गया।
नेपाल सेना की ओर से जारी फुटेज में हाइताओ को हेलिकॉप्टर में आपात चिकित्सा दिए जाते देखा गया। बाद में उसे आर्मी अस्पताल में भर्ती किया गया।
इसके अलावा, नुवाकोट के बिदुर कस्बे के बेत्रावती इलाके से चंदिका कुमारी श्रेष्ठ को उसके चार मंजिला घर की सबसे ऊपरी मंजिल में मलबे से बाहर निकाला गया। नेपाल सेना की तरफ से जारी तस्वीर में महिला को कीचड़ से लथपथ देखा गया।
प्रेट्र के अनुसार, महिला के परिवार ने उनके कई दिनों तक न मिलने पर कुश से बने उनके पुतले का सांकेतिक अंतिम संस्कार भी कर दिया था।
आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) प्रवक्ता शैलेंद्र थापा ने बताया कि चंदिका को बेहोशी की हालत में पाया गया और हेलिकॉप्टर से काठमांडू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। नेपाल में अब तक 13,100 से ज्यादा लोगों को बचाया जा चुका है।
तिब्बत में अब तक 21 लोगों के आपदा में मारे जाने की पुष्टि
वहीं, तिब्बत में अब तक 21 लोगों के आपदा में मारे जाने की पुष्टि की गई है, जबकि 500 से ज्यादा लोग लापता बताए गए हैं। नेपाल में अब तक 85 बच्चों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
501 शवों के कोई न कोई अंग गायब
वहीं 501 शवों के कोई न कोई अंग गायब हैं। सबसे ज्यादा 360 शव चितवन जिले से बरामद किए गए हैं। केवल 98 शवों को उनके स्वजनों को सौंपा जा सका है।
1030 शवों को अस्थायी तौर पर दफनाया जा चुका है क्योंकि अस्पतालों में उन्हें सुरक्षित रखने की गुंजाइश नहीं बची है। डीएनए जांच के लिए इनके नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।
