म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना का हवाई हमला, मेडिटेशन प्रोग्राम में हिस्सा ले रहे 14 लोगों की मौत
म्यांमार के मध्य सागाइंग क्षेत्र में एक बौद्ध मठ पर शुक्रवार को सेना के हवाई हमले में 14 लोगों की मौत हो गई। ये लोग एक सप्ताह के मेडिटेशन रिट्रीट में हिस्सा ले रहे थे।

म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना का हवाई हमला (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
मृतक एक सप्ताह के मेडिटेशन रिट्रीट में हिस्सा ले रहे थे
एक ग्रामीण ने बताया कि युद्धक विमान ने 15 मिनट के अंतर पर दो बम गिराए थे
एपी, बैंकाक। म्यांमार के मध्य सागाइंग क्षेत्र में एक बौद्ध मठ पर शुक्रवार को सेना के हवाई हमले में 14 लोगों की मौत हो गई। ये लोग एक सप्ताह के मेडिटेशन रिट्रीट में हिस्सा ले रहे थे।
यह हमला देश में लोकतंत्र समर्थक ताकतों और सेना विरोधी हथियारबंद समूह को निशाना बनाकर किए जाने वाले हवाई हमलों की शृंखला में सबसे नया है।
एक ग्रामीण ने बताया कि युद्धक विमान ने 15 मिनट के अंतर पर दो बम गिराए थे। सेना ने हालांकि इस हमले को लेकर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
गौरतलब है कि फरवरी, 2021 में आंग सान सू की की निर्वाचित सरकार से सेना के सत्ता छीनने के बाद से म्यांमार में उथल-पुथल मची हुई है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाने के बाद सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए और देश के बड़े हिस्से लड़ाई में उलझे हुए हैं।
सागाइंग इलाके में सेना हथियारबंद पीपुल्स डिफेंस फोर्स सहित विपक्षी ताकतों का मुकाबला करने के लिए हवाई हमले कर रही है। सागाइंग हथियारबंद विरोधी ताकतों का गढ़ है। विरोधी ताकतों के पास हवाई हमलों के विरुद्ध कोई असरदार बचाव नहीं है।
