विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bangladesh Crisis: बांग्लादेश में अब सेना पर हमला, चार अफसरों समेत नौ घायल; हिंदुओं के चार गांव फूंके

Published: Sun, 11 Aug 2024 10:48 PM (IST)

बांग्लादेश में हिंसा का दौर थम नहीं रहा है। अब इसका निशाना वहां की सेना बनी है। गोपालगंज इलाके में ...और पढ़ें

ढाका में पुलिस थाने के बाहर खड़े जवान। ( फोटो- रॉयटर्स)
ढाका में पुलिस थाने के बाहर खड़े जवान। ( फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. एक वाहन जलाया गया, दो में तोड़फोड़, फायरिंग के बाद स्थिति नियंत्रित।
  2. हिंसा व अराजकता के दौर में हिंदुओं के चार गांवों को जलाने की सूचना।
  3. भयभीत अल्पसंख्यक और अवामी लीग समर्थक छिपकर काट रहे हैं दिन।

जेएनएन, नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंसा और अराजकता का माहौल बरकरार है। रविवार को गोपालगंज इलाके में सेना के गश्ती वाहनों पर हमला हो गया। इस हमले में चार अधिकारियों और पांच सैनिकों के घायल होने की सूचना है। हमले में सेना के एक वाहन को जला दिया गया जबकि दो वाहन तोड़फोड़ के शिकार हुए हैं। सेना को स्थिति नियंत्रित करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी। सेना के जनसंपर्क निदेशालय ने इस हमले की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें: यूनुस सरकार ने मीडिया को बंद करने की क्यों दी चेतावनी, कहा- सच्चाई को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

हिंदुओं के चार गांव फूंके

देश के दूरदराज के इलाकों से भी अब हिंदुओं और अवामी लीग के कार्यालयों पर हमलों की सूचनाएं आ रही हैं। ये हमले चार, पांच और छह अगस्त को हुए। इसी दौरान दिनाजपुर जिले में हिंदुओं के चार गांवों को जला दिया गया। देश में हजारों लोग भय के वातावरण में छिपकर रहने के लिए मजबूर हैं।

अमेरिका ने हिंसा रोकने को कहा

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हमले रोके जाएं। बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार को हटाने के लिए हुए आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव से देश की कानून व्यवस्था भंग हो गई थी। आंदोलनकारियों के इशारे पर बनी और कार्य कर रही अंतरिम सरकार विश्वास और सुरक्षा व्यवस्था कायम करने सफल नहीं हुई है।

अधिकांश थाने खाली पड़े

50 पुलिसकर्मियों के मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने के बाद पुलिसकर्मी थाने छोड़कर भाग गए थे जिससे देश के ज्यादातर थाने खाली पड़े हैं। अंतरिम सरकार सेना की निगरानी में थानों में पुलिसकर्मियों की वापसी करवा रही है। इसी माहौल में ढाका-गोपालगंज राजमार्ग पर जाम लगाए जाने की सूचना पाकर सेना का गश्ती दल गोपीनाथपुर कस्बे में पहुंचा था। जब सैन्यकर्मियों ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो लोग उग्र हो उठे और उन्होंने सैन्यकर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया और पथराव किया।

सेना को करनी पड़ी फायरिंग

हमले में सेना के चार अधिकारियों और पांच सैनिक घायल हुए हैं। इसके बाद सैन्यकर्मियों ने फायरिंग कर लोगों को भगाया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त सैन्य टुकड़ी मौके पर पहुंची जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। सेना की गोली से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। सेना और बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार ने राजमार्ग पर जाम लगाने का कारण स्पष्ट नहीं किया है।

मीडिया को बंद करने की चेतावनी

इस बीच बांग्लादेश के अंतरिम सरकार ने भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर रहे मीडिया को कार्रवाई की चेतावनी दी है। कहा है कि गलत सूचनाएं देने वाले अखबारों और टीवी चैनलों ने कामकाज में सुधार नहीं किया तो उन्हें बंद करा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: 'बांग्लादेश में जल्द चुनाव नहीं हुए तो खतरनाक होंगे परिणाम', बेटे ने बताया मां शेख हसीना का पूरा प्लान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।