विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हत्यारे पहले नहाए और फिर खजूर खाए...', बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा

Updated: Mon, 24 Aug 2026 02:09 AM (GMT+05:30)

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

हिंदू परिवार की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा।

हिंदू परिवार की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा।

HighLights

  1. रंगपुर में सेवानिवृत्त शिक्षक और परिवार की हत्या।

  2. संदिग्धों ने हत्या के बाद घर में स्नान किया, खाना खाया।

  3. पुलिस ने दो चचेरे भाइयों को हिरासत में लिया।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की उनके घर पर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी आगामी चक्रवर्ती और बेटे प्रियम चक्रवर्ती के तौर पर हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने बताया कि संदिग्ध हत्याओं के बाद घर में ही रुके, वहीं स्नान किया, फ्रिज से खजूर और खीरे खाए और भागने से पहले यबा का सेवन किया।

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया

पुलिस ने हत्याओं में शामिल होने के आरोप में मुग्धो और सिद्धार्थ नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया है। वे चचेरे भाई हैं। रंगपुर मेट्रोपालिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबुद ने बताया कि ये दोनों पड़ोस की इमारत से होते हुए चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे और गुरुवार रात वहां ड्रग्स ली।

हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की हत्या

गणपति चक्रवर्ती ने आवाज सुनकर छत पर जाकर देखा और दोनों से पूछा कि वह कहां से आ गए। पकड़े जाने के डर से संदिग्धों ने उनके कंधे पर रखे गमछे से गला घोंट दिया। आवाज सुनकर पत्नी ऊपर गईं। उन्होंने उसका भी गला घोंट दिया। इसके बाद उनके बेटे और बेटी की भी हत्या कर दी।

शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे उनके बंद घर से चारों सदस्यों के शव बरामद किए गए। परिवार का किसी के साथ कोई ज्ञात विवाद या दुश्मनी नहीं थी।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)