काला सागर में बढ़ा तनाव, अब बुल्गारियाई क्षेत्र में दो जहाजों पर ड्रोन हमले; 11 नाविक लापता
काला सागर में बुल्गारिया के समुद्री क्षेत्र में सोमवार रात दो व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन से हमले किए गए। इसमें ...और पढ़ें

बुल्गारियाई क्षेत्र में दो जहाजों पर ड्रोन हमले (फोटो- रॉयटर)
HighLights
पांच नाविकों को डूबते जहाज से सुरक्षित बचाया गया, लापता लोगों की तलाश तेज
माल्टा के ध्वजवाले जहाज पर तीन ड्रोन हमले हुए, सभी नाविक बचाए गए
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। काला सागर में बुल्गारिया के समुद्री क्षेत्र में सोमवार रात दो व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन से हमले किए गए। इसमें एक जहाज पर सवार 11 नाविक लापता हो गए, जबकि पांच को सुरक्षित बचा लिया गया।
वहीं दूसरे जहाज पर मौजूद 15 लोग बचाए गए। बुल्गारिया सरकार ने रूसी राजदूत को तलब कर घटना पर नाराजगी जताई, जबकि राजदूत ने रूस द्वारा हमलों से इन्कार किया है।
रायटर के अनुसार, गिनिया-बिस्साऊ के झंडेवाले एचएस डिग्निटी नाम के जहाज पर सोमवार रात हमला हुआ। इस पर 16 नाविक सवार थे। इस पर सवार 11 लापता नाविकों की तलाश की जा रही है।
वहीं, माल्टा के ध्वजवाले जहाज 'चेल्सिया 3' पर भी रात को तीन ड्रोन हमले हुए। इस पर सात यूक्रेनी और आठ अजरबैजानी नाविक सवार थे। सभी नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बुल्गारिया के पीएम रुमेन राडेव ने कहा कि हफ्तेभर के भीतर तीन जहाजों पर हमले हो चुके हैं।
एपी के अनुसार, यूक्रेन और यूरोपीय संघ ने इन हमलों की निंदा की है। यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन ने नाटो के महासचिव मार्क रूटे से इस सिलसिले में बात की।
रुटे ने कहा पूर्वी क्षेत्र में जरूरत के मुताबिक सैन्य मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। वहीं पीएम राडेव ने नाटो से देश के समुद्री और हवाई क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की अपील की।
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने एक्स पर लिखा कि हमलों ने एक बार फिर दिखा दिया है कि रूस के लिए नागरिकों के जीवन का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने लिखा कि काला सागर वैश्विक खाद्य सुरक्षा की जीवनरेखा है। रूस भूख को हथियार बनाकर दुनिया को बंधक बनाने के लिए उस पर हमला कर रहा है।
बुल्गारिया में रूसी राजदूत एलेनोरिया मित्रोफानोवा ने कहा कि उन्हें इन हमलों के बारे में रूसी रक्षा मंत्रालय से कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने आशंका जताई कि हमले के पीछे कोई तीसरा पक्ष हो सकता है, जिसने उकसावे के लिए ऐसा किया हो।
यूक्रेन के बंदरगाह पर भी जहाज पर हमला
रॉयटर के अनुसार, रूस ने कहा कि हथियार लदे एक जहाज पर यूक्रेन के बंदरगाह शहर माइकोलैव में हमला किया गया। इस जहाज का दोहरा इस्तेमाल हो रहा था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ऊर्जा युद्धविराम को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
