विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव: रियाद एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय समेत 13 की मौत, 300 से ज्यादा घायल

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:00 PM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2026 02:34 AM (IST)

रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले में भारतीय नागरिक समेत 13 लोगों की ...और पढ़ें

हूती हमले के बाद अमेरिका की बड़ी कार्रवाई की तैयारी

हूती हमले के बाद अमेरिका की बड़ी कार्रवाई की तैयारी

HighLights

  1. रियाद हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों का भीषण मिसाइल हमला।

  2. हमले में भारतीय नागरिक सहित 13 की मौत, 300 से अधिक लोग घायल हुए।

  3. अमेरिका हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को यमन के हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले में एक भारतीय सहित 13 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसे पिछले 10 वर्षों का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।

सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएसीए) के अनुसार टर्मिनल तीन और चार पर मिसाइलें गिरीं। सीएसीए के अनुसार, मृतकों में एक भारतीय, चार सऊदी, दो बांग्लादेशी और अमेरिका, मिस्र, जार्डन, सीरिया, फलस्तीन और सूडान का एक-एक नागरिक शामिल हैं। कई घायल गंभीर हालत में हैं और विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने कहा 'हमें यह जानकारी मिली है कि रियाद हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की आज दुर्भाग्यवश मृत्यु हो गई है। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर को शीघ्र स्वदेश वापस लाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।

भारत समेत कई देशों ने हमले की निंदा की और सऊदी अरब के साथ एकजुटता दिखाते हुए हमलों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के सैन्य अभियान में शामिल होने पर विचार कर रहा है।

रॉयटर के अनुसार, हूती विद्रोहियों ने रविवार को एयरलाइंस, यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों से सऊदी हवाई अड्डों और हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी। हूती ने एक बयान में कहा कि मक्का और मदीना जैसे पवित्र शहरों के हवाई अड्डों को छोड़कर सऊदी अरब के अन्य हवाई अड्डे उसके निशाने पर हो सकते हैं।

हूती के नियंत्रण वाले अल मसीरा टेलीविजन पर प्रसारित बयान में सऊदी अरब को चेतावनी दी गई कि यदि उसने यमन में अपनी सैन्य कार्रवाई और दखलंदाजी बंद नहीं की, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

हवाई अड्डों और ऊर्जा सम्मेलन पर खतरा

हूती के हमले के बाद रियाद स्थित हवाई अड्डे से पिछले 24 घंटे में 225 से ज्यादा उड़ानें रद की गई हैं। एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए उड़ानें 14-15 अक्टूबर तक के लिए रद कर दी हैं। सऊदी प्रशासन के अनुसार, दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास भी मिसाइल गिरी और कई ड्रोन मार गिराए गए।

हमलों के मद्देनजर किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद किए जाने की भी खबर है। इन घटनाओं से रियाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सम्मेलन में करीब 70 मंत्रियों, 300 कंपनियों के प्रतिनिधियों और 25 अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा संगठनों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।

मृतक युवक हैदराबाद का रहने वाला

सऊदी के रियाद एयरपोर्ट पर हमले में मारे गए भारतीय युवक की पहचान हैदराबाद निवासी मोहम्मद युसुफ के रूप में हुई है। AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उनकी मौत पर दुख जताते हुए कहा कि सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में हैदराबाद के एक व्यक्ति की मौत हो गई और उनके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

औवेसी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, यह परिवार हैदराबाद के मेहदीपत्तनम का रहने वाला है। मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई और उनके एक बेटे के घुटने की सर्जरी हो रही है, जबकि दूसरा बेटा अस्पताल में है और उसके पैर की तीन उंगलियां कट गई हैं।

ओवैसी ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के बहनोई के संपर्क में हैं और रियाद में भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि पीड़ितों का ध्यान रखा जा रहा है। हैदराबाद के सांसद ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार को हर संभव मदद देने का अनुरोध किया।