India-EU ट्रेड डील: 2 अरब लोगों का बाजार, दुनिया की एक चौथाई जीडीपी...; दावोस में क्या बोलीं उर्सुला?
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में कहा कि भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अंतिम चरण में है। उन्होंने इ ...और पढ़ें

यूरोपियन यूनियन की प्रेसीडेंट उर्सुला वान डेर लेयन और पीएम मोदी। (रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। यूरोपीय यूनियन (ईयू) की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने मंगलवार को कहा कि भारत और ईयू ऐतिहासिक व्यापार समझौते के करीब हैं। उन्होंने इस समझौते को 'मदर ऑफ आल डील्स' करार दिया और कहा कि इससे दो अरब लोगों का एक बाजार बनेगा और यह वैश्विक जीडीपी का लगभग एक चौथाई हिस्सा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह अगले सप्ताह भारत दौरा करने वाली हैं।
दावोस में विश्व आर्थिक फोरम में उर्सुला ने मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और बताया कि 27 देशों का समूह किस तरह इन स्थितियों से निपट रहा है। उन्होंने कहा, 'यह अवसर भुनाने और एक नए स्वतंत्र यूरोप के निर्माण का समय है। उर्सुला यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ 25 से 27 जनवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगी। वे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शिखर वार्ता होगी।
दोनों पक्ष 27 जनवरी को होने वाली भारत-ईयू शिखर वार्ता में बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करने की तैयारी में हैं। ईयू अध्यक्ष ने कहा कि यूरोप आज के विकास केंद्रों और इस सदी की आर्थिक शक्तियों के साथ व्यापार करना चाहता है। उन्होंने कहा, 'मैं भारत की यात्रा करूंगी। अभी भी कुछ काम बाकी है, लेकिन हम एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते के करीब हैं।
कुछ इस समझौते को मदर ऑफ आल डील्स कहते हैं। यह दो अरब लोगों का एक बाजार बनाएगा, जो वैश्विक जीडीपी का लगभग एक चौथाई हिस्सा है।' भारत और ईयू के बीच व्यापार समझौते को ऐसे अंतिम रूप दिया जा रहा है, जब अमेरिका की व्यापार और टैरिफ नीतियों के चलते चिंताएं बढ़ रही हैं। इसने भारत और 27 देशों के समूह ईयू दोनों को प्रभावित किया है।
खबरें और भी
भारत-ईयू में 135 अरब डॉलर का व्यापार
ईयू भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में द्विपक्षीय व्यापार 135 अरब डॉलर रहा। दोनों के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने से कारोबारी संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। भारत और यूरोपीय संघ 2004 से रणनीतिक भागीदार हैं।
ट्रंप के टैरिफ को मजबूती के साथ जवाब देगा ईयू
ईयू की अध्यक्ष उर्सुला ने यह घोषणा की कि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से यूरोपीय देशों पर लगाए गए टैरिफ का ईयू मजबूती और एकजुटता के साथ जवाब देगा।
दावोस में उन्होंने कहा, 'हम अमेरिका के लोगों को न केवल अपना साथी बल्कि अपना दोस्त मानते हैं। लेकिन हम खतरनाक गिरावट की तरफ बढ़ रहे हैं, लेकिन इससे केवल उन दुश्मनों को मदद मिलेगी, जिन्हें हम रणनीतिक रूप से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
ट्रंप ने हाल ही में ग्रीनलैंड पर समर्थन नहीं मिलने पर एक फरवरी से डेनमार्क, नार्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स और फिनलैंड से अमेरिका आने वाले सभी सामानों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)