'हमला किया तो उठाना पड़ेगा भारी नुकसान', ईरान के नए रक्षा मंत्री ने अमेरिका को दी खुली चेतावनी
ईरान के नवनियुक्त रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाघी ने संसद में विश्वास मत हासिल करने के बाद अमेरिका को गंभीर परिणाम ...और पढ़ें

ईरान के नए रक्षा मंत्री ने अमेरिका को दी चेतावनी (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान के नवनियुक्त रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाघी ने संसद में विश्वास मत हासिल करने के तुरंत बाद अमेरिका और उसके मध्य पूर्वी सहयोगियों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। उन्होंने रविवार को यह स्प्ष्ट किया कि यदि वाशिंगटन ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियानों को फिर से शुरू करता है, तो अमेरिका और उसके सहयोगियों को भारी नुकसान उठाना पडे़गा।
संसद में पारित हुआ प्रस्ताव
ईरानी मीडिया के अनुसर, संसद इस्लामिक कंसल्टेटिव असेंबली ने मेहरदाद अखलाघी को रक्षा और सशस्त्र बल लॉजिस्टिक्स मंत्री के रूप में मंजूरी दे दी है। संसद में पड़े कुल 277 वोटों में से 237 वोट अखलाघी के पक्ष में रहे।
विश्वास मत हासिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, लोग निश्चित रहें, अमेरिका और उसके सहयोगी हम पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेंगे। अगर वे ऐसा करते हैं, तो उन्हें और पूरे क्षेत्र को भारी नुकसान होगा।
8 महीने के बाद हुई नियुक्ति
अखलाघी की यह नियुक्ति अमेरिका-इजरायल के शुरुआती हवाई हमलों के लगभग आठ महीने बाद हुई है। वे अजीज नासिरजादेह का स्थान लेंगे, जिनकी 28 फरवरी को एक नेतृ्त्व परिसर पर हुए हमले में मौत हो गई थी। उसी हमले में पूर्व सर्वोच्च नता आयातुल्ला अली खामेनेई और कई वरिष्ठ सैन्य कमांडर भी मारे गए थे।
ISNA समाचार एजेंसी के अनुसार, मतदान से पहले अखलाघी ने कहा था कि एक अत्यंत संवेदनशील मोड़ पर रक्षा मंत्रालय का प्रभार उनके कंधों पर आ रहा है। देश की रक्षा के लिए मौजूदा माहौल की सही समझ और भविष्य की सभी संभावित स्थितियों के लिए तैयार रहना बेहद आवश्यक है।
42 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव
मेहरदाद अखलाघी के पास कोई सैन्य रैंक नहीं है, लेकिन उनके पास रक्षा मंत्रालय में 42 वर्षों का लंबा अनुभव है। वे 2013 से ईरान के प्रमुख हथियार निर्माता संस्थान, ईरानी रक्षा उद्योग संगठन के प्रमुख रहे हैं।
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र ने 2007 में परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के कारण अखलाघी पर प्रतिबंध भी लगाए थे।
