इजरायल की राजनीति में नया मोड़: नेतन्याहू को हटाने के लिए अरब दल समर्थन देने को तैयार, क्यों हिचक रहे आइसेनकोट?
इजरायल में अरब दल बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए मध्यमार्गी गठबंधन को समर्थन देने को तैयार हैं।

अरब दल नेतन्याहू सरकार को सत्ता से हटाना चाहते हैं।
HighLights
अरब दल नेतन्याहू सरकार को सत्ता से हटाना चाहते हैं।
मध्यमार्गी गठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने को तैयार।
आइसेनकोट अरब पार्टियों की शर्तों से सरकार गठन में हिचक।
डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से दूर करने के लिए अरब पार्टियां मध्यमार्गी गठबंधन को समर्थन देने के लिए तैयार हैं। कई अरब दलों के गठबंधन ज्वाइंट लिस्ट के नेता अहमद तीबी ने कहा है कि हम अपराधी सरकार को हटाना चाहते हैं। नेतन्याहू सरकार को हटाने के लिए ज्वाइंट लिस्ट यहूदी नेतृत्व वाली किसी भी सरकार को समर्थन दे सकता है।
इस बीच मध्यमार्गी गठबंधन के नेता गादी आइसेनकोट ने कहा है कि अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत से अमेरिका और इजरायल के संबंधों के बेहतर होने की संभावना बढ़ गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्यमार्गी-उदारवादी पार्टियों में सहयोग को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने की ज्यादा क्षमता होती है।
तीबी और उनके सहयोगी भले ही इजरायल की सत्ता से नेतन्याहू को हटाना चाह रहे हों लेकिन अरब पार्टियों और यहूदी नेतृत्व वाली पार्टियों के गठबंधन के बीच समझौता आसान नहीं है।
क्योंकि अरब पार्टियां गाजा में लड़ाई खत्म करना चाहती हैं और वेस्ट बैंक में इजरायली सेटलमेंट के विस्तार पर रोक लगाना चाहती हैं। इन दोनों अपेक्षाओं को पूरा करने में किसी भी दल के यहूदी नेतृत्व को कठिनाई होगी।
आइसेनकोट हाल ही में चार शर्तें रखकर कह चुके हैं कि वह हमास के आतंकी संगठन होने पर अरब पार्टियों की सहमति चाहते हैं। साथ ही अरब पार्टियों को इजरायल को यहूदी राष्ट्र मानना होगा और स्वतंत्र फलस्तीन की मांग छोड़नी होगी। ये शर्तें अरब पार्टियों के अस्तित्व से जुड़ी हुई हैं।
इन शर्तों की अनदेखी करते हुए अरब पार्टियां नेतन्याहू को हटाने के लिए मध्यमार्गी गठबंधन का वैकल्पिक सरकार के गठन में समर्थन करना चाहती हैं लेकिन उनके स्पष्टीकरण के बगैर यहूदी मतों से जीतीं पार्टियां सरकार गठन से हिचक रही हैं। क्योंकि इससे यहूदी मतदाताओं के मन में उन्हें लेकर संशय पैदा हो सकता है और दक्षिणपंथी दलों को मध्यमार्गी सरकार पर हमला करने का मौका मिलेगा।
इजरायल में रिकार्ड मतदान के बाद अरब पार्टियों को पहली बार संसद की 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है। तीबी ने कहा कि अरब पार्टियां बिना किसी शर्त के नेतन्याहू सरकार को हटाना चाहती हैं और वे समर्थन से बनने वाली सरकार में भी शामिल नहीं होंगी।
इजरायल के इतिहास में अभी तक केवल एक बार अरबों की पार्टी सरकार में शामिल हुई है, वह मौका 2021 में आया था। उस समय अरब पार्टी राएम सरकार का समर्थन करते हुए उसमें शामिल हुई थी। इस बार राएम के आठ प्रत्याशी चुनाव जीते हैं और इस बार भी वह सरकार में शामिल हो सकती है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।