यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
South Korea Stampede: हैलोवीन उत्सव के दौरान सियोल में भगदड़ मचने से 149 लोगों की मौत, 150 लोग घायल
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में हैलोवीन उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से 149 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 150 लोग घायल भी हुए हैं। भगदड़ के दौरान कई ल ...और पढ़ें

सियोल, एपी। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में हैलोवीन उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से कम से कम 149 लोगों की मौत हो गई और 150 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भगदड़ मचने से कई लोगों को कार्डियक अरेस्ट आया था। जिसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया और अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 46 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी और बाकी लोगों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
राष्ट्रपति ने बुलाई आपातकालीन बैठक
इस घटना को लेकर राष्ट्रपति यूं सुक-योल ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई। इससे पहले राष्ट्रपति ने इस घटना के बाद अधिकारियों से घायलों का तेजी से इलाज सुनिश्चित करने और उत्सव स्थलों की सुरक्षा की समीक्षा करने का आह्वान किया था। बता दें कि ये घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 10.20 बजे की है। इससे पहले नेशनल फायर एजेंसी के अनुसार, शनिवार रात इटावन लेजर जिले में उत्सव के दौरान भीड़ बढ़ने से करीब 100 लोगों के घायल होने की सूचना थी।
भगदड़ मचने से कई लोगों को आया कार्डियक अरेस्ट
इससे पहले अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, हैलोवीन पार्टियों में भगदड़ मचने से सियोल के इटावन जिले में कार्डियक अरेस्ट से पीड़ित होने के बाद लगभग 50 लोगों को सीपीआर दिया गया था। वहीं, आपातकालीन अधिकारियों को सांस लेने में कठिनाई वाले लोगों के कम से कम 81 फोन आए थे।

संकरी गली में भीड़ बढ़ने से हुआ हादसा
नेशनल फायर एजेंसी के अधिकारी ने कहा कि सियोल में उत्सव स्थल के पास एक संकरी गली में काफी ज्यादा भीड़ बढ़ गई, जिससे लोग एक दूसरे को कुचलने लगे और फिर भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि भगदड़ मचने से सैकड़ों लोग घायल हो गए।
खबरें और भी
घायल लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद इटावन की सड़कों पर दर्जनों लोगों को सीपीआर दिया जा रहा है, जबकि कई अन्य को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि घटना का विवरण अभी भी जांच के दायरे में है।