विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

200 दिन समुद्र में बिताने के बाद थाईलैंड के पटाया पहुंचे 5 हजार अमेरिकी सैनिक, सेक्स वर्कर्स पर पड़ने लगे छापे

Updated: Wed, 02 Sep 2026 09:54 AM (GMT+05:30)

अमेरिकी विमानवाहक पोत 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' के 5000 नाविकों के पटाया पहुंचने के साथ ही स्थानीय पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है और सेक्स ट्रेड पर छापेमारी की है।

यूएसएस अब्राहम लिंकन (File Photo)

यूएसएस अब्राहम लिंकन (File Photo)

HighLights

  1. 5000 अमेरिकी नाविक पट्टाया पहुंच रहे हैं, पुलिस चौकस।

  2. पुलिस ने सेक्स ट्रेड पर छापेमारी की, चुनौती स्वीकार की।

  3. स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक लाभ की बड़ी उम्मीद।

डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड का मशहूर पर्यटन शहर पटाया इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में है। वजह है कि अमेरिकी नौसेना का विशाल विमानवाहक पोत 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' ने बुधवार की सुबह पटाया के पास लाएम चाबांग बंदरगाह पर लंगर डाला है। हालांकि इस पोत के आगमन से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी थी। 

इस जहाज पर सवार करीब 5000 अमेरिकी नाविक और मरीन कमांडो पटाया पहुंचे। समुद्र में 200 से ज्यादा दिन बिताने के बाद इन सैनिकों को आराम करने का मौका मिला, लेकिन इस वीआईपी विजिट ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की नींद उड़ा दी है।

पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही अमेरिकी सैनिकों के आने की खबर फैली, पटाया पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई। शहर के बीच और नाइटलाइफ वाले इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने हाल ही में वीकेंड पर छापेमारी करके करीब 40 से 50 लोगों को वेश्यावृत्ति के संदेह में हिरासत में लिया है।

पटाया के पुलिस प्रमुख अनेख स्राथोंगयू ने खुलकर माना कि सैनिकों के आने के बाद सेक्स ट्रेड को काबू में रखना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मुश्किल है क्योंकि कई बार सेक्स वर्कर बिना अधिकारियों की जानकारी के सार्वजनिक जगहों पर ग्राहकों से संपर्क कर लेते हैं। हालांकि थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनी रूप से अवैध है, फिर भी पट्टाया में यह इंडस्ट्री काफी बड़े पैमाने पर खुली हुई है।

स्थानीय कारोबारियों के लिए बड़ा मौका

अच्छा, दूसरी तरफ पटाया के कारोबारियों और मेयर के चेहरे खिले हुए हैं। शहर की अर्थव्यवस्था लंबे समय से पर्यटन और मनोरंजन उद्योग पर टिकी है। पटाया के मेयर पोरामासे गंपिचेस का अनुमान है कि हर अमेरिकी सैनिक प्रतिदिन करीब 30 से 91 अमेरिकी डॉलर खर्च कर सकता है।

इससे होटल, रेस्टोरेंट, बार और दुकानें चलाने वाले स्थानीय कारोबारियों को तगड़ा आर्थिक फायदा मिलने की उम्मीद है। चूंकि सैनिकों की छुट्टी एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग चरणों में होगी, इसलिए इसका फायदा कई दिनों तक मिलेगा।

वियतनाम युद्ध के दौर से है नाता

गौर करने वाली बात यह भी है कि पटाया और अमेरिकी सैनिकों का पुराना रिश्ता रहा है। इस बात को ऐसे समझिए कि कभी एक छोटा सा मछुआरों का गांव हुआ करता पट्टाया, तब चमकना शुरू हुआ जब वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिक यहां आराम और मनोरंजन के लिए आने लगे थे। हालांकि, एक दशक पहले एफबीआई (FBI) ने पट्टाया को दुनिया के सबसे बड़े सेक्स टूरिज्म डेस्टिनेशंस में से एक करार दिया था।

अमेरिकी युद्धपोत का रिकॉर्डेड लंबा सफर

गौरतलब है कि यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' ने आधुनिक इतिहास का सबसे लंबा सफर तय किया है। यह जहाज पिछले साल नवंबर में सैन डिएगो से निकला था, जिसे बाद में ईरान के साथ तनाव और पश्चिम एशिया के हालातों के बीच तैनात कर दिया गया था। लगातार 200 दिनों से अधिक समय तक समुद्र में रहने के कारण अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसदों ने भी चिंता जताई थी।

लंबी और थका देने वाली इस तैनाती के कारण कुछ समय पहले नाविकों के मानसिक तनाव और सुसाइड की कोशिशों की खबरें भी सामने आई थीं, जिसके बाद अब इन्हें आराम की मोहलत दी गई है। फिलहाल, 5000 अमेरिकी सैनिकों के स्वागत के लिए पटाया तैयार है, तो वहीं स्थानीय पुलिस किसी भी अनचाहे विवाद या कानून व्यवस्था बिगड़ने से निपटने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।