Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Singapore PM Threatened: शिंजो आबे की हत्या के बाद सिंगापुर के पीएम ली को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

    By Mahen KhannaEdited By:
    Updated: Sat, 09 Jul 2022 10:52 AM (IST)

    Singapore PM Lee Hsien Loong सिंगापुर के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के खिलाफ फेसबुक पर एक टिप्पणी पोस्ट करने को लेकर एक व्यक्ति को पकड़ा ह ...और पढ़ें

    सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूं को धमकी।
    सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूं को धमकी।

    सिंगापुर, एजेंसी। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो (Japan PM Shinzo Abe Death) आबे की बीते दिन एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दुनियाभर में शोक की लहर है। इस बीच सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग (Singapore PM Lee Hsien Loong) को एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। सिंगापुर के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के खिलाफ फेसबुक पर एक टिप्पणी पोस्ट कर हिंसा भड़काने के आरोप में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

    फेसबुक पेज पर दी धमकी

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के संबंध में एक पोस्ट पर वेब पोर्टल चैनल न्यूज एशिया के फेसबुक पेज के कमेंट सेक्शन में यह धमकी दी गई थी। स्ट्रेट्स टाइम्स अखबार के हवाले से पीटीआइ ने बताया कि पुलिस को प्रधानमंत्री ली के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी के संबंध में शुक्रवार दोपहर 3.10 बजे एक रिपोर्ट मिली थी। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद, पुलिस फेसबुक उपयोगकर्ता का पता लगाने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक लैपटाप, एक टैबलेट और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

    आरोपी को हो सकती है पांच साल की जेल

    चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जांच जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंसा के लिए उकसाने वाले को दोषी पाए जाने पर पांच साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकता है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ली ने शुक्रवार को आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया था और हत्या को "हिंसा का मूर्खतापूर्ण कार्य" बताया।

    ली ने फेसबुक से आबे के निधन पर जताया था शोक

    ली ने फेसबुक पर लिखा, आबे सिंगापुर के अच्छे दोस्त थे। मैंने मई में अपनी टोक्यो यात्रा पर उनके साथ खाना खाया था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। बता दें कि 67 वर्षीय आबे की शुक्रवार को पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक बंदूकधारी ने हत्या कर दी थी। हमलावर ने आबे के भाषण देते समय उन पर पीछे से गोलियां चला दी थीं।

    खबरें और भी