जेल में बंद इमरान खान के लिए पाकिस्तान में फिर संग्राम, खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद की तरफ बढ़े समर्थक
सरकार से बातचीत विफल होने के बाद, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद की ओर मार्च शुरू किया।

इमरान खान की पार्टी का इस्लामाबाद मार्च शुरू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। सरकार के साथ बातचीत नाकाम होने के बाद, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने रविवार को खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद की ओर मार्च शुरू किया। खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की सरकार है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि जब गुरुवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का काफिला खैराबाद पहुंचेगा तब वह अगले कदम की घोषणा करेंगे। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अनुसार, अफरीदी मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सरकार के वार्ताकारों और इमरान की पार्टी के नेताओं के बीच बातचीत का दूसरा दौर शनिवार शाम चार बजे शुरू हुआ और रातभर चला। यह बातचीत रविवार तड़के बिना किसी सहमति के समाप्त हो गई।
पार्टी की प्रमुख मांगों में जेल में बंद इमरान खान से तत्काल मुलाकात और उन्हें ऐसे अस्पताल ले जाने का फैसला शामिल है, जहां उनके निजी डॉक्टर उनकी जांच कर सकें।
इमरान 2023 से रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। बातचीत का पहला दौर शुक्रवार को हुआ था।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
