पाकिस्तान की मस्जिद में नमाज के दौरान आत्मघाती हमला, 21 लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें 21 लोगों ...और पढ़ें
HighLights
खैबर पख्तूनख्वा में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला।
हमले में 21 लोगों की मौत, जिनमें 16 पुलिसकर्मी शामिल।
इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन ने ली हमले की जिम्मेदारी, 78 घायल।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत शुक्रवार को एक आत्मघाती हमले से दहल गया। इस हमले को उस समय अंजाम दिया गया, जब एक मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जा रही थी। इसमें 21 लोगों की जान चली गई और 78 घायल हो गए। मरने वालों में 16 पुलिसकर्मी बताए गए हैं। विस्फोट इतना भीषण था कि मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया और मस्जिद की छत ढह गई। एक कम चर्चित आंतकी संगठन इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट प्रांत की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दूर कोहाट जिले में स्थित पुरानी पुलिस लाइन के समीप बनी मस्जिद में हुआ। एक हमलावर ने विस्फोटक लदे वाहन को मस्जिद परिसर से टकरा दिया था। इसके बाद बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती हमला किया गया।
उन्होंने बताया, 'वाहन को मस्जिद के मुख्यद्वार से टकराया गया और फिर विस्फोट हुआ। इसके बाद गोलीबारी भी हुई। आतंकियों के साथ गोलीबारी के दौरान विशेष शाखा की एक इमारत में भी आत्मघाती धमाका हुआ।' जबकि कोहाट के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. नासिर हुसैन ने बताया कि विस्फोट में मारे गए लोगों में 16 पुलिसकर्मी और पांच नागरिक हैं, जबकि 78 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि घायलों में ज्यादातर नमाजी हैं। इधर, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया और देश में विदेश प्रायोजित आतंकियों का पूरी तरह सफाया करने का वादा किया। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान पाकिस्तान में विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है।
धमाके की जांच जारी
IGP हमीद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, 'विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी पुरानी पुलिस लाइन के गेट से टकरा गई और फिर उसमें विस्फोट हो गया, साथ ही गोलीबारी भी हुई।' KP के IGP हामिद ने बताया कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ। IGP ने आगे कहा, 'अब तक पुलिस के साथ गोलीबारी में तीन आतंकवादी मारे जा चुके हैं।'
आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ी पुलिस
IGP हमीद ने कहा, 'KP पुलिस आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत दीवार की तरह खड़ी है, कायरतापूर्ण हमले हमारे हौसले को नहीं तोड़ सकते।' उन्होंने आगे अपने बयान में कहा, 'शहीदों का खून बेकार नहीं जाएगा, आतंकवादियों और उनके मददगारों का अंजाम बहुत बुरा और मिसाल बनने वाला होगा।' उन्होंने घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
सोर्स- पीटीआई
