पाकिस्तान में कब सुरक्षित होंगे हिंदू? अज्ञात हमलावरों ने हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या की
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के नोशकी शहर में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने एक हिंदू व्यापारी की हत्या कर दी।

पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या की (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मृतक की पहचान राकेश कुमार के तौर पर हुई है
हिंदू समुदाय सदियों से बलूचिस्तान का अहम हिस्सा रहा है
पीटीआई, पेशावर। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के नोशकी शहर में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने एक हिंदू व्यापारी की हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार को हुई। नोशकी बाजार के कादराबाद स्टाप इलाके में कुछ अज्ञात हथियारबंद लोग व्यापारी की दुकान में घुस आए।
उन्होंने जब विरोध किया, तो हमलावरों ने गोली चला दी और मौके पर ही व्यापारी की मौत हो गई, जिसके बाद वे भाग गए। मृतक की पहचान राकेश कुमार के तौर पर हुई है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांतीय विधानसभा के सदस्य गुरपाल सिंह ने इस हत्या की निंदा करते हुए इसे देश-विरोधी और बलूचिस्तान-विरोधी तत्वों की कायरतापूर्ण हरकत बताया।
उन्होंने कहा, "हिंदू समुदाय सदियों से बलूचिस्तान का अहम हिस्सा रहा है। निर्दोष हिंदू व्यापारियों और नागरिकों को निशाना बनाकर नफरत और डर फैलाने की कोशिश करने वाले दुश्मन तत्व कभी सफल नहीं होंगे।"
प्रांतीय विधानसभा सदस्य ने बलूचिस्तान सरकार और कानून लागू करने वाली एजेंसियों से मांग की कि वे तुरंत कुमार के हत्यारों, उनकी मदद करने वालों और हमले के पीछे के लोगों की पहचान करें और उन्हें सजा दिलाएं।
