'यूक्रेन युद्ध में अब तक 5 लाख से ज्यादा रूसी सैनिक मारे गए', ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख का बड़ा दावा
ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख ने दावा किया है कि फरवरी 2022 से यूक्रेन युद्ध में 5 लाख से अधिक रूसी ...और पढ़ें

रूस यूक्रेन जंग।
HighLights
ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख ने रूसी सैनिकों की मौत का आंकड़ा बताया।
फरवरी 2022 से 5 लाख से अधिक रूसी सैनिक मारे गए।
कीव में रूसी ड्रोन हमले, गैस स्टेशन और रिहायशी इलाके प्रभावित।
डिजिटल डेस्क, कीव। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से जारी भीषण संघर्ष आज भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में इस पूरे संघर्ष को लेकर अब ब्रिटेन के एक शीर्ष रक्षा अधिकारी ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं।
ब्रिटेन के डिफेंस स्टाफ के प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर रिचर्ड नाइटटन ने शुक्रवार को दावा किया कि फरवरी 2022 में रूस के आक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक 5 लाख से ज्यादा रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं।
15 लाख तक पहुंची रूस के हताहतों की संख्या
ब्रिटिश रक्षा प्रमुख के अनुसार, रूस के कुल हताहतों मृतकों और घायलों की संख्या करीब 15 लाख तक पहुंच चुकी है। ये आंकड़े काफी हद तक यूक्रेनी सेना की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों से मेल खाते हैं। हालांकि, इन दावों पर रूसी अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रूस को भारी सैन्य साजो-सामान का नुकसान
रिचर्ड नाइटटन ने पत्रकारों को बताया कि युद्ध के मैदान में रूस की बड़ी सेना आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रही है और इस साल रूसी सेना की आगे बढ़ने की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि रूसी सशस्त्र बलों ने इस दौरान भारी मात्रा में सैन्य उपकरण गंवाए हैं।
- 10000 से अधिक बख्तरबंद और सुरक्षित वाहन नष्ट हुए हैं।
- करीब 3000 एयर डिफेंस और आर्टिलरी सिस्टम तबाह हुए हैं।
- 370 से ज्यादा विमान और हेलिकॉप्टर मार गिराए गए हैं।
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इस युद्ध में यूक्रेन को कितना नुकसान उठाना पड़ा है। ध्यान देने वाली बात यह है कि रूस और यूक्रेन दोनों ही देश अपने युद्ध के नुकसानों की जानकारी नियमित रूप से साझा नहीं करते हैं।
कीव में पेट्रोल पंपों पर रूसी ड्रोनों का हमला
बता दें कि एक तरफ जहां मोर्चे पर रूसी सेना को भारी नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसने अपने हवाई हमलों का दायरा बढ़ाते हुए नागरिकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रूसी ड्रोनों ने यूक्रेन की राजधानी कीव में सड़कों के किनारे बने गैस स्टेशनों को निशाना बनाया।
अभियोजक कार्यालय के मुताबिक, इन हमलों में उक्रनाफ्ता के दो गैस स्टेशन चपेट में आ गए, जिसमें एक जगह दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
रूस ने तेज किए यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर हमले
उधर, यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में रिहायशी इलाकों और गैस स्टेशनों पर हमले तेज कर दिए गए हैं। इसका मकसद आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त करना, नागरिकों का मनोबल तोड़ना और उनमें डर पैदा करना है। इसके अलावा खाद्य वितरण केंद्रों पर भी हमले किए जा रहे हैं, जिससे कीव के कुछ सुपरमार्केट में सामान की कमी होने लगी है।
