'हम पर हमला हुआ है', रूस में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान, सोशल मीडिया पर शुरू हुईं अफवाहें
यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर III विमान अचानक मॉस्को के व्नुकुवो एयरपोर्ट पर उतरा।

अमेरिकी सैन्य विमान के रूस में उतरने के बाद सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहें (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। यूक्रेन और रूस के युद्ध के बीच एक असामान्य घटनाक्रम देखने को मिला। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना का एक भारी-भरकम बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर III विमान अचानक मॉस्को के व्नुकुवो एयरपोर्ट पर उतरा।
अमेरिका और रूस के बीच जारी कूटनीतिक वार्ताओं के बीच इस रहस्यमयी लैंडिंग ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया हैं।
'हम पर हमला हो रहा है'
यह विमान लातविया की राजधानी रीगा से उड़ान भरकर मॉस्को के समय अनुसार सुबह करीब 10 बजे न्वुकुवो एयरपोर्ट पर उतरा। विमान की लैंडिंग का वीडियो बनाते वक्त एक स्थानीय कैमरामैन ने मजाक में कहा, हम पर हमला हो रहा है।
इसके बाद यह टिप्पणी और विमान की अचानक उपस्थिति सोशल मीडिया पर अफवाहों और तरह-तरह की थ्योरीज का कारण बन गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति के बेड़े का विमान
डेटा के अनुसार, 23 अगस्त को यह विमान मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज से रीगा पहुंचा था। यह बेस अमेरिकी राष्ट्रपति के हवाई बेड़े के लिए जाना जाता है। हालांकि, पेंटागन या अमेरिकी प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि विमान में कोई उच्चस्तरीय राजनयिक, रक्षा अधिकारी या विशेष कार्गो सवार था या नहीं।
क्रेमलिन और पेंटागन की चुप्पी
इस फ्लाइट को लेकर सस्पेंस तब और गहरा गया जब क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बयान दिया कि उन्हें इस विमान के आने की कोई जानकारी नहीं थी और इस हफ्ते अमेरिकी अधिकारियों के साथ कोई बैठक भी प्रस्तावितन नहीं है।
वहीं, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय और यूरोपियन कमांड ने भी विमान के यात्रियों या मिशन की कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
क्या है C-17 ग्लोबमास्टर III की खासियत?
यह एक विशालकाय और शक्तिशाली स्ट्रेटेजिक ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जो लगभग 77,500 किलोग्राम वजन और भारी सैन्य गाड़ियां लंबी दूरी तक ले जाने में सक्षम है। लगभग 53 मीटर लंबा और 52 मीटर विंगस्पैन वाला यह प्लेन दुर्गम और छोटे रनवे पर भी लैंड कर सकता है।
