विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ब्रिटेन की पीएम लिज ट्रस ने गलत फैसलों के लिए मांगी माफी, बोलीं- पद नहीं छोड़ूंगी, काम करना जारी रखूंगी

By Jagran NewsEdited By: Mahen Khanna
Published: Tue, 18 Oct 2022 04:16 AM (IST)Updated: Tue, 18 Oct 2022 06:20 AM (IST)

पीएम लिज ट्रस ने कहा कि वह लोगों से टैक्स का भार कम करना चाहती थी लेकिन फैसला लेने में ...और पढ़ें

लिज ट्रस ने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी है।
लिज ट्रस ने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी है।

लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने अपने छोटे से कार्यकाल के दौरान लिए आर्थिक फैसलों के लिए आज माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मैंने जो भी गलतियां की उनके लिए मैं माफी मांगती हूं लेकिन मैं पद नहीं छोड़ेंगी। ट्रस ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मैं जिम्मेदारी स्वीकार करना चाहती हूं और जो गलतियां हुई हैं उसके लिए माफी मांगना चाहती हूं। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मैं उच्च करों की समस्या से निपटने के लिए लोगों को उनके ऊर्जा बिलों में मदद करना चाहती थी, लेकिन हमने इसमें काफी तेजी दिखाई जो गलत साबित हुई। 

हंट ने टैक्स कटौती के ज्यादातर निर्णय किए रद

दूसरी ओर ब्रिटेन में वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने सोमवार को प्रधानमंत्री लिज ट्रस की उन सभी घोषणाओं को पलट दिया जिन्हें सितंबर के मिनी बजट में किया गया था। रद किए गए मिनी बजट प्रविधानों में नागरिकों के बिजली के बिल कम करने वाली छूट की योजना भी शामिल है। इसके जरिये हंट ने ब्रिटेन के आशंकित वित्त बाजार को स्वस्थ अर्थव्यवस्था का भरोसा देने की कोशिश की है। लेकिन इससे प्रधानमंत्री ट्रस की व्यक्तिगत राजनीतिक स्थिति सवालों के घेरे में आ गई है। उनके लिए सरकार के भीतर ही विश्वास का संकट पैदा हो गया है। हंट ने पद संभालने के अगले दिन ही कह दिया था कि प्रधानमंत्री से निर्णय लेने में गलती हुई है।

ट्रस का सरकार चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण

अब नेता के रूप में ट्रस का सरकार चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। ब्रिटेन की जनता के बीच और सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी में ट्रस की लोकप्रियता व समर्थन में हाल के दिनों में तेजी से कमी आई है। महज 38 दिन की ट्रस की सरकार में उनकी ही पार्टी के तीन सांसदों ने सार्वजनिक रूप से इस्तीफे की मांग कर दी है। मुख्य विपक्षी दल लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने कहा है कि ट्रस प्रधानमंत्री हैं लेकिन उनके पास ताकत नहीं है। हंट ने कहा है कि प्रधानमंत्री ट्रस के नेतृत्व में सरकार के निर्णय लिए जा रहा है। लेकिन प्रेक्षक मान रहे हैं कि अब सरकार का नेतृत्व अघोषित रूप से वित्त मंत्री हंट कर रहे हैं। वही सरकार के फैसलों को अंतिम रूप दे रहे हैं। सोमवार को वित्त मंत्री हंट के इमर्जेंसी फाइनेंशियल स्टेटमेंट ने ट्रस की स्थिति को और कमजोर कर दिया। उन्होंने सितंबर के मिनी बजट में राजस्व कम करने वाले लगभग सभी लागू प्रविधानों को रद करने की घोषणा की है। उन्होंने पूर्ववर्ती क्वासी क्वार्टेंग के मिनी बजट के कई प्रविधानों का क्रियान्वयन स्थगित कर दिया है।

टैक्स में कटौती का लिया था फैसला

लिज ने कई क्षेत्र में टैक्स में कटौती का फैसला लिया था। हंट ने कहा कि जब ब्रिटिश अर्थव्यवस्था मजबूत होकर पटरी पर आ जाएगी तब इन फैसलों को लागू किया जाएगा। इन प्रविधानों को अप्रैल 2023 से लागू होना था। सरकार की एनर्जी प्राइस गारंटी योजना अब केवल अप्रैल 2023 तक ही लागू रहेगी, दो साल तक नहीं। मिनी बजट में दो साल तक इस योजना के तहत जनता को लाभ देने की घोषणा की गई थी। आयकर के प्रविधानों को मिनी बजट से पूर्व की भांति कर दिया गया है। इसमें कटौती से सरकारी खजाने को सालाना छह अरब पाउंड का नुकसान हो सकता था। इसी प्रकार से डिविडेंट टैक्स में भी कटौती नहीं की जाएगी। उलटे इसमें 1.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। हंट ने इन सुधारों के साथ दो सप्ताह में संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने की घोषणा की है। हंट ने कहा है कि प्रविधानों को संतुलित स्वरूप में लागू करना होगा। किसी एक क्षेत्र को सुविधा देने से दूसरे क्षेत्र में मुश्किल पैदा हो जाती है। इसका ध्यान रखना होगा।

बाजार ने दिए सकारात्मक संकेत

रविवार को प्रधानमंत्री ट्रस और बैंक आफ इंग्लैंड के गवर्नर एंड्रयू बैली से मुलाकात के बाद हंट ने 31 अक्टूबर को पेश होने वाली मध्यावधि राजस्व योजना की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। उसमें हंट के सुधारों की झलक मिलेगी। जानकारों के अनुसार वित्त मंत्री की घोषणाओं से वित्त बाजार सकारात्मक संकेत देने लगा है, डालर की तुलना में पाउंड में सुधार का रुख दिखाई दे रहा है।

संसद में नहीं आईं लिज ट्रस

चहुंओर के हमले झेल रहीं ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस सोमवार को संसद में नहीं आईं। अर्थव्यवस्था के मुश्किल दौर में वित्त मंत्री पद से क्वासी क्वार्टेंग को हटाने के फैसले पर विपक्ष उनसे सवाल पूछना चाहता था लेकिन ट्रस हाउस आफ कामंस में नहीं आईं। विपक्षी लेबर पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री को अब अपने साए से भी डर लग रहा है। सदन में कंजरवेटिव पार्टी की नेता पेनी मोरडोंट प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति पर जवाब देने के लिए खड़ी हुईं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री कहीं छिपी नहीं हैं। वह किसी जरूरी कार्य में व्यस्त हैं। लेकिन विपक्ष वर्तमान आर्थिक स्थिति और वित्त मंत्री की बर्खास्तगी पर प्रधानमंत्री के बयान की मांग करता रहा। प्रधानमंत्री के जरूरी कार्य में व्यस्त रहने को विपक्षी नेताओं ने मजाक में लिया और वे हंसकर उसका मखौल उड़ाने लगे।

यह भी पढ़ें- ब्रिटेन में चल रहे उलटफेर पर टैब्लायड के जरिये आनंद महिंद्रा ने पीएम लिज ट्रस की ली चुटकी

ब्रिटेन के नए वित्त मंत्री ने कहा- पीएम लिज ट्रस ने की गलती, टैक्स बढ़ोतरी के लिए रहें तैयार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।